सोशल मीडिया स्टार और सांसद-एक्टर रवि किशन अब अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं. वो जल्द नई दिल्ली में आयोजित अयोध्या की रामलीला में श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे. ये रामलीला संविधान क्लब ऑफ इंडिया में 19 और 20 अक्टूबर को होगी, जिसमें रवि किशन के अलावा अरुण बख्शी, रजा मुराद जैसे दिग्गज कलाकार भी हैं.
राम बनने पर बोले रवि किशन
ये पहला मौका है जब रवि किशन रामलीला में भगवान राम बनेंगे. ऐसे में ये पल उनके लिए बेहद खास है, और वो इसे निभाने के लिए थोड़े घबराए और डरे हुए भी हैं. HT से बातचीत में एक्टर-सांसद ने इस पूरे एक्सपीरियंस पर अपनी बात सामने रखी. रवि किशन ने कहा- मुझे पहली बार श्रीराम का किरदार निभाने का सौभाग्य मिला है.
'मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान श्रीराम मेरे अंदर प्रवेश करें और मुझे इतनी ऊर्जा दें कि मैं इस किरदार को पूरी गरिमा और अच्छे तरीके से निभा सकूं. मैंने पहले परशुराम और केवट का किरदार निभाया है. बचपन में माता सीता भी बना हूं और एक टीवी सीरियल में भगवान श्रीकृष्ण का रोल भी किया है. लेकिन श्रीराम का किरदार इन सबसे अलग है. मैं हमेशा से श्रीराम का किरदार निभाना चाहता था.'
क्यों डरे हुए हैं रवि किशन?
रवि किशन ने आगे श्रीराम बनने के साथ आने वाली जिम्मेदारी पर भी बात की. उन्होंने कहा- मैं अंदर से डरा हुआ हूं. मेरा मानना है कि जब कोई कलाकार स्टेज पर जाता है, तो उसके अंदर थोड़ा डर होना बहुत जरूरी है. इससे वो अपने काम को लेकर ज्यादा सतर्क रहता है, और जब किरदार भगवान श्रीराम का हो, तो उसे सही तरीके से निभाने की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है. मेरे मन में हमेशा यही रहता है कि मुझसे कोई गलती ना हो जाए.
'इस किरदार में आपसे गलती की गुंजाइश नहीं है. ना ही आप अपनी मर्जी से कुछ बदल सकते हैं या नया जोड़ सकते हैं. आपको लिखी गई स्क्रिप्ट और किरदार के हिसाब से ही चलना होता है. मेरे पास एक्टिंग का काफी एक्सपीरियंस है, लेकिन आखिरकार हम इंसान हैं और किसी से भी गलती हो सकती है. मैं अपनी तरफ से 100% देने की कोशिश करता हूं. इसी मेहनत की वजह से मिर्जापुर: द मूवी, मामला लीगल है और लापता लेडीज में मेरे किरदारों को सफलता मिली.'
राम बनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे रवि किशन
रवि किशन ने अंत में बताया कि रामायण से उनका पुराना नाता रहा है. बचपन में उन्होंने महादेव और श्रीराम की कई बार कहानी सुनी हुई है क्योंकि वो एक पुजारी के बेटे हैं. एक्टर ने श्रीराम का किरदार निभाने पर कहा- ये सिर्फ एक्टिंग करने की बात नहीं है. आपके चेहरे पर शांति और सौम्यता होनी चाहिए. आपके व्यवहार में शालीनता, संयम और एकाग्रता दिखनी चाहिए, क्योंकि आप पुरुषों में श्रेष्ठ भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे हैं. पूरी दुनिया इस किरदार को देखेगी. दूरदर्शन, ओटीटी और यूट्यूब पर लाइव प्रसारण के जरिए 50 करोड़ से ज्यादा लोग इसे देखेंगे.
'अच्छी बात यह है कि अभी नवरात्रि चल रही है और मैं व्रत रख रहा हूं. इससे मैं शुद्ध शरीर और पवित्र मन के साथ ये किरदार निभा सकूंगा. मैं शाकाहारी हूं और दुबला दिखने के लिए खास डाइट भी ले रहा हूं. रामलीला से पहले मैं अपनी मूंछें भी हटा दूंगा. इसके अलावा, मैं खुद को शांत रखने की कोशिश कर रहा हूं, ताकि भगवान श्रीराम का किरदार पूरी तरह से निभा सकूं.' बता दें कि रवि किशन की अयोध्या की रामलीला में मिस यूनिवर्स इंडिया केजिया लिज मेजो माता सीता का रोल निभाने वाली हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क