Ramayana Jatayu Poster: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है. पिछले कुछ दिनों से फिल्म के मेकर्स एक-एक करके किरदारों के पोस्टर रिलीज कर रहे हैं. हालांकि, पहले सामने आए पोस्टर्स को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, लेकिन अब जटायु के पोस्टर ने बाजी मार ली है. इस किरदार को अपनी आवाज देने वाले हैं दिग्गज एक्टर अनुपम खेर.
जटायु के अवतार ने जीता दिल
मंगलवार को मेकर्स ने ‘रामायण’ से जटायु का पोस्टर शेयर किया और बताया कि इस दमदार किरदार को अनुपम खेर अपनी आवाज देंगे. पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा कि जब बुराई ने उड़ान भरी, तो साहस उससे टकराने के लिए उठ खड़ा हुआ. जटायु ने जीत के लिए नहीं, बल्कि सही के लिए लड़ाई लड़ी.
मेकर्स ने जटायु को ‘धर्म के पंख’ बताते हुए अनुपम खेर के नाम का ऐलान किया. इस खुलासे के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
पहले पोस्टर्स पर हुई थी खिंचाई, जटायु को देख फैंस हुए फिदा!
‘रामायण’ के पहले जारी किए गए कुछ पोस्टर्स को सोशल मीडिया पर खास पसंद नहीं किया गया था. लेकिन जटायु के पोस्टर ने फैंस का मूड बदल दिया है. एक्स (X) पर कई यूजर्स ने इसकी तारीफ करते हुए अपनी खुशी जाहिर की. एक यूजर ने लिखा, “आखिरकार, अब अच्छे पोस्टर्स रिलीज हो रहे हैं. मैं बता भी नहीं सकता कि मैं कितना खुश हूं. उम्मीद है कि आगे भी ऐसा ही जारी रहेगा.”
वहीं, एक दूसरे यूजर ने जटायु के पोस्टर को ‘मास’ बताते हुए लिखा कि इसे देखकर वह निशब्द है. एक अन्य यूजर ने तो इसे अब तक का सबसे बेहतरीन पोस्टर करार दिया. साफ है कि जटायु के पोस्टर ने दर्शकों की उम्मीदों को एक बार फिर हवा दे दी है. अब देखना होगा कि फिल्म के बाकी किरदारों के पोस्टर्स भी फैंस को इसी तरह इंप्रेस कर पाते हैं या नहीं.
5 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘रामायण’, जानें एडवांस बुकिंग का अपडेट
फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज डेट को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी. अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के पेड प्रीव्यू 4 नवंबर को हो सकते हैं, हालांकि मेकर्स की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
एडवांस बुकिंग की बात करें तो फिल्म की टिकटों की बिक्री इस साल दशहरे के मौके पर शुरू होने की जानकारी दी गई है. ऐसे में फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड बनाने की उम्मीदें अभी से लगाई जा रही हैं.
रणबीर राम बनेंगे, यश निभाएंगे रावण का किरदार
‘रामायण’ की स्टारकास्ट भी किसी मेगा ब्लॉकबस्टर से कम नहीं है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. इनके अलावा रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, शोभना और कुणाल कपूर भी फिल्म का हिस्सा हैं. वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आएंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण पार्ट 1’ का अंत सनी देओल की एंट्री के साथ हो सकता है. हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिल्म के दूसरे पार्ट को अगले साल दिवाली पर रिलीज किए जाने की योजना बताई जा रही है.
अब पार्ट 2 का भी इंतजार, क्या बॉक्स ऑफिस पर टूटेंगे रिकॉर्ड?
‘रामायण’ को बड़े बजट और भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है. ऐसे में दर्शकों को फिल्म से काफी उम्मीदें हैं. जटायु के पोस्टर को मिली तारीफ ने मेकर्स को जरूर राहत दी होगी, खासकर तब जब पहले पोस्टर्स पर लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही थीं.
अब असली परीक्षा फिल्म की रिलीज के बाद होगी. क्या रणबीर कपूर की रामायण दर्शकों का दिल जीत पाएगी? क्या यश का रावण और सनी देओल के हनुमान वाला अवतार बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाएगा? फिलहाल, जटायु के पोस्टर ने फिल्म को लेकर चर्चा जरूर तेज कर दी है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क