बड़े पर्दे के भौकाल का साइज अब चेक होगा... प्राइम वीडियो की धमाकेदार वेब सीरीज मिर्जापुर अब फिल्म की शक्ल में थिएटर्स में धमाल मचाने के लिए तैयार है. यह फिल्म जबसे अनाउंस हुई थी, तभी से जनता इसके लिए रेड कार्पेट बिछाए बैठी थी. अब फाइनली मेकर्स ने मिर्जापुर द मूवी का टीजर शेयर कर दिया है और यह टीजर इस बात का इशारा अभी से दे रहा है कि 4 सितंबर को थिएटर्स में क्या धमाका होने वाला है.
सीरीज की तरह कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) और गुड्डू भैया (अली फजल) का लेजेंड्री बवाल फिल्म का भी सबसे गर्म मुद्दा है. 2018 में सेट इस कहानी की सबसे बड़ी हाईलाइट है मुन्ना भैया के रोल में दिव्येंदु शर्मा की वापसी, क्योंकि उनका किरदार वेब सीरीज में मर चुका था. साथ ही मुन्ना के प्रिय मित्र कंपाउंडर (अभिषेक बनर्जी) की भी वापसी हो रही है.
एक दिलचस्प एंट्री है 'पंचायत' फेम जितेंद्र कुमार की. शायद वह गुड्डू के भाई बबलू के रोल में हैं, जो किरदार वेब सीरीज में विक्रांत मैसी ने निभाया था, क्योंकि मिर्जापुर द मूवी के टीजर में विक्रांत नहीं हैं. कहानी में एक नया किरदार लेकर दमदार एक्टर रवि किशन की भी एंट्री हुई है. भोजपुरी जोन के कलाकार रवि को मिर्जापुर वेब सीरीज में देखने की फैंस की इच्छा फाइनली पूरी होने जा रही है.
टीजर में सबसे दिलचस्प चीज यह है कि आपको कहानी का कोई हिंट नहीं मिलेगा. वेब सीरीज में जहां तक कहानी पहुंची थी, उसके मुकाबले मिर्जापुर द मूवी की कहानी काफी बदली हुई नजर आ रही है. सीरीज के मुकाबले फिल्म का स्केल भी कुछ बढ़ा हुआ दिख रहा है. नए किरदारों के साथ कहानी में क्या नया कांड है, इसका बेहतर आइडिया तो फिल्म का ट्रेलर आने के बाद ही मिलेगा. यहां देखें मिर्जापुर द मूवी का टीजर:
एक बहुत पॉजिटिव बात यह है कि मिर्जापुर द मूवी के डायरेक्टर भी गुरमीत सिंह ही हैं, जिन्होंने शुरुआत से वेब सीरीज का जिम्मा संभाला था. यानी कहानी पूरे भरोसेमंद हाथों में है. देखना है कि मिर्जापुर द मूवी, वेब सीरीज के मुकाबले क्या कुछ नया और धमाकेदार लेकर आती है. यह फिल्म 4 सितंबर को थिएटर्स में रिलीज होने के लिए तैयार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क