देशभर में आजकल नीट परीक्षा में हुए घोटाले के मुद्दे ने जोर पकड़ा हुआ है. जंतर-मतंर से शुरू हुआ ये प्रदर्शन संसद भवन तक जा पहुंचा है. छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है. सेलेब्स भी कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन पर खुलकर अपनी राय रख रहे हैं. लेकिन आर माधवन ने अभी तक अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है.
क्यों ट्रोल हुए माधवन?
माधवन, जो कि हर मुद्दे पर मुखर होकर बोलते हैं, लेकिन लोग नीट परीक्षा में हुए घोटाले और सीजेपी प्रोटेस्ट पर चुप रहने को लेकर लोग शॉक्ड हैं. फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के छात्रों ने माधवन की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं. क्योंकि माधवन FTII के चेयरमैन भी हैं. इसलिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों के हक में एक्टर की आवाज ना उठने से वो निराश हैं. इंस्टा पर एक फोटो सामने आई है जिसमें माधवन के FTII कैबिन डोर के बाहर एक्टर को ट्रोल करता पोस्टर चिपकाया गया है.
पोस्टर में बड़े लैटर्स में 'गायब' के साथ में 'नीट फॉर सेल' लिखा है. इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए यूजर्स ने माधवन से इस मुद्दे पर अपनी बात रखने को कहा है. यूजर का कहना है माधवन इतनी बड़ी पोस्ट पर बैठे हैं, इसे जस्टिफाई करते हुए कुछ तो रिएक्ट करना चाहिए. माधवन की चुप्पी को लेकर किए गए पोस्ट को एक्टर अभय वर्मा ने लाइक किया है. वहीं सोहम मजूमदार ने लिखा- इसकी ही उम्मीद थी. एक शख्स ने कहा- माधवन आप कहां हैं? दूसरे ने कहा- ये अभी भी अजित डोभाल के किरदार में हैं. जासूस की जिंदगी जीना आसान नहीं है. आपको अंडर ग्राउंड रहना पड़ता है. एक शख्स ने मजे लेते हुए लिखा- ये रूम सालों से बंद है, इसमें राजू दादा को रेस्ट करने दो.
एक तरफ माधवन ने इस मुद्दे को नजरअंदाज किया है, वहीं कई सितारों ने खुलकर अपनी राय रखी है. इमरान खान, जीनत अमान, अनुराग कश्यप, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल, ओमी वैद्य, सोनाक्षी सिन्हा समेत टीवी सितारों ने भी सोनम वांगचुक और CJP की अगुवाई में चल रहे प्रदर्शन का समर्थन किया है. शबाना आजमी, प्रकाश राज, अमोल पराशर, पूनम, खुशबू पाटनी प्रदर्शनकारियों को सपोर्ट करने जंतर-मंतर पहुंचे थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क