टाइगर श्रॉफ पर सरेआम चली गोलियां! CJP के अभिजीत दिपके ने सरकार को घेरा, बोले- असली अपराधियों पर फोकस करें

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने सरकार और पुलिस की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए. जानिए उन्होंने क्या कहा और इस मामले में अब तक क्या जानकारी सामने आई है.

Advertisement
अभिजीत दिपके ने सरकार को घेरा (Photo: Screenrgabs) अभिजीत दिपके ने सरकार को घेरा (Photo: Screenrgabs)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:26 AM IST

मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद अब सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस घटना को लेकर पुलिस और सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को छात्रों और एक्टिविस्ट्स के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय असली अपराधियों पर ध्यान देना चाहिए. टाइगर पर हुए हमले के बाद अभिजीत का यह बयान चर्चा में आ गया है.

Advertisement

'छात्रों और एक्टिविस्ट्स को पकड़ने के बजाय अपराधियों पर ध्यान दो'

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सरकार और पुलिस की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि छात्रों और एक्टिविस्ट्स के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को असली अपराधियों पर शिकंजा कसना चाहिए.

अभिजीत ने तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार और पुलिस की प्राथमिकताएं ही गलत हों, तो ऐसे हालात सामने आते हैं. उनका यह बयान टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद आया है, जिसने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है.

अभिजीत दीपके इससे पहले सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी को लेकर भी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार जानबूझकर उनकी गिरफ्तारी को लंबा खींच रही है, ताकि अदालत की कार्यवाही और उनकी रिहाई में देरी हो.

Advertisement

टाइगर श्रॉफ की कार पर कब और कहां हुई फायरिंग?

रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोलियां चलाईं. इस घटना में टाइगर के ड्राइवर और वहां मौजूद एक फैन के घायल होने की खबर है. बताया गया कि वह फैन टाइगर की एक झलक पाने के लिए वहां मौजूद था.

जुहू पुलिस के अनुसार, टाइगर श्रॉफ पुष्पा पार्क पहुंचे थे, जिसे जमनाबाई नर्सरी के नाम से भी जाना जाता है. वह वहां जन्मदिन के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे और जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी फायरिंग हुई.

तीनों हमलावर सफेद शर्ट पहने हुए थे. वारदात के बाद वे एसवी रोड और विले पार्ले रेलवे स्टेशन की दिशा में फरार हो गए. घटनास्थल जुहू पुलिस स्टेशन से करीब 350 मीटर की दूरी पर बताया गया है.

टाइगर के ड्राइवर के हाथ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी. उन्हें इलाज के लिए मुंबई के नानावटी अस्पताल ले जाया गया. इस घटना में पास मौजूद एक फैन के भी घायल होने की खबर सामने आई है. पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.

Advertisement

अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से सामने आया पोस्ट, पुलिस कर रही जांच

इस मामले में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की भी जांच की जा रही है, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू नाम के लोगों ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को सलमान खान के साथ उनके संबंधों या उनके साथ काम करने की वजह से निशाना बनाया गया. इसमें फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को भी धमकी दिए जाने की बात कही गई, जिन्होंने सलमान खान के साथ काम किया है.

हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है. अनिल पंडित का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने की चर्चाएं भी सामने आई हैं, लेकिन इस संबंध की पुष्टि होना बाकी है. फिलहाल, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच जारी है. वहीं, अभिजीत दीपके के बयान ने इस घटना के बाद पुलिस की प्राथमिकताओं और मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »