आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर अल्फा ने थिएटर्स में अपना पहला हफ्ता पूरा कर लिया है. यश राज फिल्म्स के स्पाई-यूनिवर्स को अपनी इस पहली फीमेल लीड फिल्म से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन पहले सात दिनों में अल्फा को बॉक्स ऑफिस पर मिला रिस्पॉन्स बताता है कि इस यूनिवर्स को अपनी अगली कामयाब फिल्म के लिए अभी और लंबा इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि 125 करोड़ के रिपोर्टेड बजट में बनी अल्फा का कलेक्शन आलिया की दस साल पुरानी फिल्म डियर जिंदगी के बराबर है.
आलिया की फिल्म से बहुत दमदार शुरुआत की उम्मीद नहीं की जा रही थी, मगर पहले वीकेंड में करीब 34 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ इसने उम्मीद से काफी बेहतर शुरुआत की थी. मगर वर्किंग डेज में जनता अल्फा के लिए कुछ खास एक्साइटेड नहीं नजर आई, जिसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर नजर आ रहा है.
मंडे टेस्ट में कमजोर साबित हुई अल्फा मंगलवार को सस्ते टिकट ऑफर का भी कुछ खास फायदा नहीं उठा पाई. बुधवार तक आते-आते कलेक्शन 3 करोड़ से भी नीचे चला गया. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि सातवें दिन, गुरुवार को अल्फा ने 2.60 करोड़ का कलेक्शन किया है. अब 7 दिन में आलिया की फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 47 करोड़ रुपये से थोड़ा ज्यादा हो गया है.
बॉलीवुड की सबसे कामयाब लीड एक्ट्रेसेज में से एक आलिया ने, सोलो लीड में बिना हीरोज के राजी और गंगूबाई काठियावाड़ी जैसी फिल्में दी हैं. उनकी सोलो फिल्मों के टॉप फर्स्ट वीक कलेक्शन कुछ इस तरह हैं:
| फिल्म का नाम | पहले हफ्ते का कलेक्शन |
|---|---|
| 1. गंगूबाई काठियावाड़ी | 69 करोड़ |
| 2. राजी | 56.59 करोड़ |
| 3. अल्फा | 47.55 करोड़ |
| 4. डियर जिंदगी | 47 करोड़ |
| 5. हाईवे | 22.38 करोड़ |
अल्फा की पहले हफ्ते की कमाई, आलिया की एक दशक पुरानी फिल्म डियर जिंदगी (2016) के बराबर है. जबकि डियर जिंदगी का बजट करीब 45 करोड़ था, जो फिल्म के फर्स्ट वीक कलेक्शन से भी कम था.
125 करोड़ के रिपोर्टेड बजट में बनी अल्फा को पहले हफ्ते में 60 करोड़ के आसपास कलेक्शन करने की जरूरत थी, तब जाकर इस फिल्म का कुछ भला होना संभव था. लेकिन वर्ड ऑफ माउथ पॉजिटिव न होने के कारण ये फिल्म कामकाजी दिनों में बहुत भीड़ नहीं जुटा पा रही.
आलिया की फिल्म अल्फा ने अभी एक हफ्ते में 47 करोड़ ही कमाए हैं और एक ठीकठाक कलेक्शन के लिए फिल्म को दूसरे हफ्ते में अच्छे जंप की जरूरत है. मगर इस शुक्रवार को अजय देवगन की मल्टीस्टारर कॉमेडी 'धमाल 4' थिएटर्स में पहुंच रही है.
अजय की फिल्म को बुकिंग में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. 'धमाल 4' फैमिली कॉमेडी वाली फिल्म है, जिसे इस वीकेंड ज्यादा दर्शक मिलेंगे, इसलिए अल्फा के शोज भी दूसरे हफ्ते में कम होते नजर आएंगे. इसका असर भी आलिया की फिल्म के कलेक्शन पर नजर आएगा. अब देखना है कि अल्फा दूसरे वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर संभल पाती है या नहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क