बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं. मीका लैविश लाइफ जीते हैं. मीका आज के समय में 99 घरों के मालिक हैं.
मीका का दिल्ली में 100 एकड़ में बना एक ग्रैंड फार्महाउस भी है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह बड़ा फार्महाउस सिर्फ दो एकड़ जमीन से शुरू हुआ था. हाल ही में 'टाइम्स नाउ' को दिए एक इंटरव्यू में मीका सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार यह फार्महाउस कैसे खरीदा था और धीरे-धीरे इस प्रॉपर्टी को कैसे इतना बड़ा किया?
मीका से पूछा गया कि फार्महाउस तक पहुंचने के लिए उन्हें फ्लाइट, फिर कार, नाव और यहां तक कि घोड़े की सवारी भी करनी पड़ती है.
इसपर मीका ने हंसते हुए कहा- इस सब के पीछे की वजह यह है कि मेरे जितने भी अमीर दोस्त हैं, उन सभी के पास मायबैक (Maybach) और रोल्स-रॉयस (Rolls-Royce) जैसी गाड़ियां तो हैं, लेकिन उनमें से किसी के पास भी घोड़े या नाव नहीं हैं. इसलिए मैंने सोचा कि मैं उन्हें सीधी-सादी नाव में बैठाऊंगा.
मीका ने यह भी बताया कि उन्होंने 100 एकड़ का फार्महाउस कैसे बनाया. इस बारे में बात करते हुए वो बोले- मैं इस जगह को देखने तब गया था, जब यह बिल्कुल जंगल जैसा था. शुरुआत में मैंने सिर्फ दो एकड़ जमीन खरीदी थी. मैं कभी-कभार यहां आराम करने, खाना बनाने और जंगल के बीच टेंट में रहने आता था.
मीका ने बताया- मैं सोचता था कि भला यहां कौन आएगा? लेकिन मैंने और जमीन खरीदना शुरू किया. मैंने प्रॉपर्टी का दायरा बढ़ाया और आप यकीन नहीं करेंगे, आज मेरे फार्महाउस के ठीक सामने 'ताज विवांता' (Taj Vivanta) होटल है. अब यहां कई दूसरे होटल भी खुल चुके हैं.
मीका ने 99 घरों के मालिक होने पर भी रिएक्ट किया है. उन्होंने कहा- पहले मेरे पास कुछ नहीं था. मैं तब खुश था. मैंने कभी ईश्वर से या किसी से भी शिकायत नहीं की. हमारे पास सिर्फ 1 बेडरूम का घर था, जहां हम 5 भाई-बहन रहते थे. उसमें भी हम सभी काफी खुश थे.
मीका ने खुलासा किया कि उनकी 99 प्रॉपर्टीज में से हर एक पर कम से कम दो लोग रहते हैं, ताकि उनकी देखभाल और मेंटेनेंस हो सके. इस हिसाब से उनके पास 200 से ज्यादा कर्मचारी हैं.
इससे पहले फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान को अपने फार्महाउस की सैर कराते हुए मीका सिंह ने खुलासा किया था कि उनके फार्महाउस में घोड़े, ट्रैक्टर, ऊंट, सरसों के खेत और एक हेलिपैड भी मौजूद है.
इतना ही नहीं, फार्महाउस में मंदिर और गुरुद्वारा जैसे धार्मिक स्थल भी बने हुए हैं, जहां दिन के 24 घंटे प्रार्थना और पाठ चलता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीका ने इस प्रॉपर्टी की देखरेख के लिए 200 से भी ज्यादा लोगों को काम पर रखा है, जिनमें से करीब 50 लोग वहीं रहते हैं. इसके अलावा उनके इस फार्महाउस में देसी ढाबा स्टाइल कैफे भी है.
(Photos: Farah Khan Youtube Screengrab & Mika Singh Instagram)