कभी सात फेरों से शुरू हुई थी प्रेम कहानी, अब 25 साल बाद उसी प्यार को फिर से जी लिया. टीवी की मशहूर एक्ट्रेस स्मिता बंसल ने अपने पति अंकुश मोहला के साथ शादी के 25 साल पूरे होने का जश्न कुछ ऐसे मनाया कि हर तरफ उनकी रोमांटिक तस्वीरों की चर्चा होने लगी.
‘बालिका वधू’ में जग्या की मां सुमित्रा बनकर घर-घर में पहचान बनाने वाली स्मिता इस खास मौके पर एक बार फिर दुल्हन बन गईं. 48 साल की स्मिता और अंकुश ने अपनी शादी की सिल्वर जुबली को यादगार बनाने के लिए गोवा में एक खूबसूरत व्हाइट वेडिंग स्टाइल समारोह रखा.
इस खास मौके पर दोनों ने एक-दूसरे के साथ शादी के वचन दोबारा लिए. समंदर के खूबसूरत नजारे, फूलों से सजा वेडिंग आर्च और रोमांटिक माहौल ने इस जश्न को किसी फिल्मी लव स्टोरी जैसा बना दिया.
इस खास मौके पर दोनों ने एक-दूसरे के साथ शादी के वचन दोबारा लिए. समंदर के खूबसूरत नजारे, फूलों से सजा वेडिंग आर्च और रोमांटिक माहौल ने इस जश्न को किसी फिल्मी लव स्टोरी जैसा बना दिया. इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें स्मिता का ब्राइडल लुक देखते ही बनता है. सफेद रंग के खूबसूरत गाउन में एक्ट्रेस किसी परी से कम नहीं लग रही थीं. वहीं, अंकुश डार्क सूट में बेहद शानदार दिखे.
दोनों के चेहरे की खुशी बता रही थी कि 25 साल साथ बिताने के बाद भी उनके रिश्ते में प्यार की चमक बरकरार है. एक तस्वीर ने तो फैंस का दिल ही जीत लिया. इसमें अंकुश अपनी पत्नी स्मिता के गाल पर किस करते नजर आ रहे हैं, जबकि स्मिता आंखें बंद करके मुस्कुराती दिख रही हैं.
इस एक पल में दोनों के बीच का प्यार और अपनापन साफ झलक रहा है. वहीं, एक वीडियो में यह जोड़ी फूलों से सजे आर्च के नीचे साथ डांस करती नजर आई. मानो शादी के 25 साल बाद भी दोनों की प्रेम कहानी का रोमांटिक चैप्टर अभी खत्म ही नहीं हुआ है.
गोवा में हुए इस समारोह की सजावट भी किसी ड्रीम वेडिंग से कम नहीं थी. क्रीम रंग के कपड़ों से सजी लकड़ी की कुर्सियां, फूलों की खूबसूरत सजावट और समंदर के सामने बना वेडिंग एरिया इस जश्न को खास बना रहा था. वहां लगे एक सजावटी साइन पर ‘Ankush & Smita’ के साथ 26 अक्टूबर की तारीख लिखी थी. साथ ही, उनके साथ के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाने वाला संदेश भी नजर आया.
स्मिता की इस खुशी में उनके टीवी इंडस्ट्री के दोस्त भी शामिल हुए. ‘बालिका वधू’ में उनके साथ काम कर चुकीं एक्ट्रेस नेहा मर्दा भी इस जश्न से जुड़ी नजर आईं. संगीता घोष, जयति भाटिया और दूसरे टीवी सितारों ने भी समारोह की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. सोशल मीडिया पर सामने आई झलकियों ने फैंस को इस खूबसूरत जोड़ी की शादी की यादें फिर से ताजा करने का मौका दे दिया.
स्मिता और अंकुश की शादी साल 2002 में हुई थी. अंकुश एक्टर होने के साथ-साथ टेलीविजन डायरेक्टर भी हैं. दोनों की दो बेटियां हैं, स्टाशा और अनाघा. खास बात यह है कि स्मिता और अंकुश साल 2012 में डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 5’ में भी साथ नजर आए थे. उस समय स्मिता ने अपनी दूसरी बेटी के जन्म के करीब तीन महीने बाद ही डांस फ्लोर पर वापसी करके सबको हैरान कर दिया था. उनके जोश और डांस के लिए दर्शकों ने खूब तारीफ की थी.