एकता कपूर के प्रोडक्शन में बने रियलिटी शो लॉकअप सीजन 2 का आगाज जल्द नेटफ्लिक्स पर होने वाला है. पहला सीजन हिट होने के बाद, एकता इसे नए अंदाज में दोबारा लेकर आ रही हैं.
पिछले सीजन की तरह इस सीजन भी कंटेस्टेंट्स एक लॉक-अप में बंद रहकर अपनी जिंदगी गुजारेंगे. मगर इस बार उनके ऊपर एक नहीं, बल्कि दो जेलर तैनात किए जाएंगे.
इस लॉक-अप सीजन 2 को रितेश देशमुख और फराह खान होस्ट करने वाले हैं, जो जेलर बनकर कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाएंगे. पिछले सीजन कंगना रनौत थीं, जिन्होंने इस हिट रियलिटी शो को होस्ट किया था.
मुंबई में हुई शो की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एकता कपूर ने इंडिया टुडे/आजतक को कंगना के शो नहीं होस्ट करने की वजह बताई है. उनका कहना है कि पिछले सीजन के मुकाबले, इस सीजन काफी बदलाव किए गए हैं इसलिए कंगना को भी वापस नहीं लाया गया है.
एकता ने कहा- शो का फॉर्मेट इतना बदल दिया गया है कि इसकी पूरी सोच और पहचान ही बदल गई है. पहले जो जेलर, जज और होस्ट वाला बेस था, उसे पूरी तरह से बदल दिया गया है. यानी पुराने शो की लगभग कोई भी चीज अब नहीं रखी गई है—ना जेलर, ना होस्ट और ना ही पुराना फॉर्मेट. ऐसे में अगर पुराने शो से कुछ भी रखा जाता, तो नए और फ्रेश अंदाज में इसे पेश करना मुश्किल हो जाता. इसलिए मैं नहीं जानती कि कंगना ने इसे किस तरह समझा होगा.
'अगर मैं एक बात और जोड़ूं, तो जैसा कि मैंने कहा, जब नेटफ्लिक्स कोई शो बनाता है तो उसे सबसे बड़े स्तर पर पेश करता है. लॉक अप भी अपने मेन फॉर्मेट का अब तक का सबसे बड़ा और ग्रैंड वर्जन बनने जा रहा है. ये सिर्फ इंडिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगा. जैसा कि आपने कहा, मेड इन इंडिया, वॉच्ड बाय द वर्ल्ड—यही इस शो का लक्ष्य है.'
साल 2022 में कंगना का होस्ट किया शो लॉक-अप एमएक्स प्लेयर पर फ्री में आता था, जिसे काफी ज्यादा देखा गया. वो सीजन सरप्राइज हिट था. ऐसे में इस बार फैंस कंगना रनौत को मिस जरूर करेंगे.
इस इवेंट में एकता कपूर ने अपने शो की रिलीज से पहले तीन कंटेस्टेंट्स को कंफर्म कर दिया है. टीवी एक्ट्रेस शिवांगी जोशी, एक्टर राम कपूर और देसी ब्लिंग फेम पामेला सेरेना इस शो का हिस्सा बनेंगे.
लॉक-अप सीजन 2 नेटफ्लिक्स पर 27 जून से स्ट्रीम होना शुरू होगा. इसका हर एपिसोड शनिवार से बुधवार रात 8 बजे आया करेगा. ये शो करीब छह हफ्ते चलेगा, जिसमें कुल 14 सेलेब्रिटी नजर आएंगे.
All Photos: Yogen Shah/ Instagram @kanganaranaut