MP चुनाव: कांग्रेस ने 85 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, बदले गए तीन टिकट

मध्य प्रदेश में चुनावी तैयारियां जोरों पर हैं. कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है. अब तक पार्टी ने 229 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं. सिर्फ एक सीट पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान होना बाकी है. पार्टी ने दूसरी सूची में तीन टिकट बदल दिए हैं. इनमें दतिया, गोटेगांव और पिछोर सीट का नाम शामिल है.

Advertisement
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ. (फाइल फोटो) मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ. (फाइल फोटो)

रवीश पाल सिंह / मौसमी सिंह / राहुल गौतम

  • भोपाल/नई दिल्ली,
  • 20 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 6:39 AM IST

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार रात उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है. इस सूची में 88 नाम हैं. इनमें पहले घोषित तीन उम्मीदवारों को बदला गया है. इसके साथ ही कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 230 सीटों में एक को छोड़कर सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. राज्य में 17 नवंबर को मतदान होना है.

Advertisement

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने रविवार को एमपी में 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी. कांग्रेस ने दतिया विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बदल दिया है. पहले वहां अवधेश नायक को टिकट दिया था. अब उनकी जगह राजेंद्र भारती को मैदान में उतारा है. वे बीजेपी प्रत्याशी और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. पूर्व विधायक भारती एक बार नरोत्तम मिश्रा को चुनाव हरा चुके हैं, लेकिन पिछला चुनाव वो मामूली अंतर से हार गए थे. 

दतिया में नायक के टिकट का विरोध किया जा रहा था. वहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का एक गुट नाराज हो गया था, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व को टिकट बदलना पड़ा. 

केंद्रीय मंत्री तोमर का मुकाबला करेंगे रविंदर सिंह

कांग्रेस ने दिमनी विधानसभा सीट से रविंदर सिंह तोमर को मैदान में उतारा है. वे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ मानी जाने वाली ग्वालियर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने सुनील शर्मा को मैदान में उतारा है. उन्होंने मौजूदा विधायक और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के खिलाफ उपचुनाव लड़ा था. तोमर को सिंधिया का करीबी माना जाता है. साल 2020 में राजनीतिक उलटफेर के बाद प्रधुम्न सिंह तोमर कांग्रेस छोड़कर सिंधिया के साथ बीजेपी में चले गए थे.

Advertisement

तीन टिकट बदले गए

कांग्रेस ने तीन सीटों पर उम्मीदवार बदले हैं. इनमें दतिया, गोटेगांव और पिछोर सीट शामिल है. पिछोर से शैलेंद्र सिंह का टिकट बदलकर अरविंद सिंह लोधी को दिया है. इसी तरह, गोटेगांव से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति का टिकट काटा गया था, अब उनको वापस टिकट दिया गया है.

नकुलनाथ ने जिन नामों का ऐलान किया था, उन्हें टिकट मिला

दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा को लेकर जिन तीन नामों की घोषणा की थी, उन सभी को टिकट मिल गया है. इनमें परासिया से सोहन वाल्मिकी, अमरवाड़ा से कमलेश शाह और पांढुर्णा से नीलेश उइके को उम्मीदवार बनाया गया है.

2018 में कांग्रेस ने जीती थीं सबसे ज्यादा सीटें

2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 114 सीटें जीती थीं. जबकि बीजेपी को 109 सीटें मिली थीं. हालांकि, बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में कई विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस सरकार गिर गई थी. मार्च 2020 में बीजेपी फिर से सत्ता में लौट आई और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने. विधानसभा में बीजेपी की मौजूदा संख्या 127 है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »