सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 'चवन्नी को रुपया बना दिया' वाले बयान पर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है. अखिलेश यादव के बयान पर RLD ने पहले ही काफी तीखा हमला किया था. RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन पर जाट समाज को टारगेट करने का आरोप लगाया.
जयंत चौधरी ने X पर पोस्ट करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा है. उन्होंने अखिलेश यादव पर पूरे जाट समाज का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने पोस्ट कर कहा कि अगर सियासत की लड़ाई में उन्हें कुछ कहना ही था तो उनका नाम लेकर कहते. इस तरह जाट समाज को टारगेट करना 'ABCD हमने सिखाई' सही नहीं है. उन्होंने अखिलेश को अहंकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने इस अहंकार को करीब से देखा है और यही राजनीतिक पतन की वजह बनता है.
दरअसल, कुछ दिन पहले अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में सहयोगी दलों और राजनीतिक साथियों का जिक्र करते हुए बिना नाम लिए आरएलडी और जयंत चौधरी पर तंज कसा था. उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी ने अपने सहयोगियों को आगे बढ़ाने का काम किया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उनका साथ छोड़कर चले गए. उन्होंने कहा था, 'हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए.'
यह भी पढ़ें: PDA का P पिछड़ा से पंडित हुआ, कभी पाकिस्तान कर देंगे, CM योगी का अखिलेश पर तंज
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद ही सपा और राष्ट्रीय लोकदल में जुबानी जंग चल रही है. अखिलेश के इस बयान को लेकर बीते दिनों आरएलडी ने उनपर किसान समाज और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का अपमान करने का भी आरोप लगाया था.
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और आरएलडी ने 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ा था. इसके बाद दोनों दल साथ बने रहे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी की आरएलडी ने सपा से दूरी बनाकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए का दामन थाम लिया था.
aajtak.in