उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों से पहले पूर्व बीजेपी नेता और जाने-माने चेहरे रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है. उन्होंने शैलजा कुमारी, गुरदीप सिंह सप्पल समेत कई कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.
कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी शैलजा समेत सभी नेताओं ने कांग्रेस का पट्टा पहनाकर रामशरण नौटियाल का पार्टी में स्वागत किया. वहीं, रामशरण ने गुलदस्ता देकर सभी का आभार जताया.
रामशरण नौटियाल ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की चकराता सीट से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ा था. वो मशहूर हस्ती के पिता के रूप में भी खासे जाने जाते हैं. रामशरण नौटियाल पॉपलर प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता हैं.
इससे पहले भी रामशरण नौटियाल कांग्रेस में रह चुके हैं. वो देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं.
शैलजा कुमारी ने साधा बीजेपी पर निशाना
रामशरण नौटियाल को पार्टी की सदस्यता दिलाने के दौरान बीजेपी पर निशाना साधा. SIR में कथित गड़बड़ियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'पूरे देश में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ रही हैं. चुनाव आयोग-ज्ञानेश कुमार पर सवाल खड़े हो रहे हैं और राहुल गांधी जी लगातार 'वोट चोरी' पर बात रख रहे हैं. SIR पर सिर्फ विपक्ष, जनता, राहुल गांधी जी ने सवाल नहीं उठाए बल्कि दो चुनाव आयुक्तों ने भी आपत्ति दर्ज कराई.'
उन्होंने आगे कहा, 'आज तानाशाही का माहौल है और देश में तानाशाह सरकार है. दिल्ली में INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के दफ्तर जाने की कोशिश की, लेकिन हमें चीफ इलेक्शन कमिश्नर से मिलने नहीं दिया गया. INDIA गठबंधन के सांसदों ने राष्ट्रपति से मुलाकात करने का प्रयास किया, लेकिन सिर्फ दस लोगों का डेलिगेशन ही उनसे मिल पाया और बाकी सांसदों को विजय चौक पर ही रोक दिया गया.'
राहुल गौतम