असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सियासी पारा बढ़ गया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए. ऐसे में मुख्यमंत्री सरमा ने भी चेतावनी देते हुए कहा है कि असम पुलिस खेड़ा को पाताल से भी खोदकर बाहर ले आएगी.
रविवार को हुई पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास कई पासपोर्ट हैं. उन्होंने ये भी दावा किया कि उनके पास विदेशी संपत्तियां हैं जिनका जिक्र मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया है.
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दावा किया कि खेड़ा जिन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वो पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल से लिए गए हैं.
सरमा ने कहा, 'क्या आप असम पुलिस को नहीं जानते? पाताल से भी खोद के ले आएगी. पवन खेड़ा कहां छिपे हैं? ये असम की धरती है. वो खुद को क्या समझते हैं? पाताल में भी छिप गए तो हम उठाकर ले आएंगे.'
मुख्यमंत्री ने ये भी दावा किया कि खेड़ा गिरफ्तारी की चुनौती देने के बाद अब हैदराबाद भाग गए हैं.
खेड़ा के घर पर पुलिस की छापेमारी
बता दें कि आज सुबह असम पुलिस ने पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर छापा मारा था. हालांकि खेड़ा वहां नहीं मिले. असम पुलिस के डीसीपी देबोजीत नाथ ने बताया कि खेड़ा अपने घर पर मौजूद नहीं थे. इस दौरान पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें कुछ 'आपत्तिजनक चीजें' मिली है, डीसीपी ने कहा कि फिलहाल कांग्रेस नेता के ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा.
कांग्रेस बनाम बीजेपी: आरोपों की लड़ाई
मुख्यमंत्री सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी पत्नी के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने के लिए एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से मिली "झूठी जानकारी" का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने इसे असम चुनाव को प्रभावित करने की साजिश बताया और कहा कि ये एक दंडनीय अपराध है.
यह भी पढ़ें: पासपोर्ट, विदेश में संपत्ति... CM हिमंता की पत्नी ने पवन खेड़ा के हर आरोप का दिया जवाब
दूसरी तरफ, कांग्रेस इन आरोपों पर अड़ी हुई है और इसे भ्रष्टाचार का मामला बता रही है. बता दें कि असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होना है और 4 मई को नतीजे आने हैं.
aajtak.in