CBSE 12वीं बोर्ड की परीक्षा की आंसर शीट की स्कैन कॉपी डाउनलोड करने के लिए छात्रों और अभिभावकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. सोशल मीडिया पर सामने आ रहे है स्क्रीनशॉर्ट और वीडियो इन बातों का दावा कर रहे हैं. ऐसे छात्रों के सामने एक और परेशानी सामने आ गई है. वैसे तो अगर किसी छात्र को अपनी स्कैंड कॉपी चाहिए तो, वे ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर इसके लिए डिमांड कर सकते हैं लेकिन लगातार पोर्टल पर आ रही दिक्कत ने उन्हें परेशान कर दिया है. अब ये दावा किया जा रहा है कि बोर्ड की साइट हैक हो गई है. पिछले दिनों ऐसा दावा किया जा रहा था कि बोर्ड 100 रुपये की जगह 69.67 रुपये फीस ले रहा है और अब दावा है कि ये रकम 8000 हो गई है, जो हर विषय के लिए था. हालांकि, ये सारी चीजें तकनीकी गड़बड़ियों के कारण हो रही है.
फीस में बदलाव से छात्र परेशान
बता दें कि सोशल मीडिया दावों के मुताबिक वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट्स में री-इवैल्यूएशन और आंसर शीट लेने की फीस में अचानक बदलाव से छात्र घबरा गए. जहां एक ओर कुछ छात्रों को फीस 1 रुपये दिखाई दी तो वहीं दूसरे को 69 रुपये दिखी. वहीं, कुछ छात्रों को तो 8 हजार रुपये तक की फीस दिखाई दी.
बोर्ड ने बढ़ाई आवेदन की तारीख
लगातार आ रही शिकायतों के चलते बोर्ड ने छात्रों को राहत देते हुए आवेदन की तारीख बढ़ा दी है. बोर्ड की ओर से कहा गया है कि छात्र अब 24 मई तक स्कैन की गई आंसर कॉपी के लिए आवेदन कर सकते हैं.
19 मई से आ रही है परेशानी
बता दें कि 19 मई यानी जब से CBSE स्कैन कॉपी के लिए आवेदन शुरू हुए हैं तब से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पहले तो छात्रों ने बताया था कि पोर्टल काम नहीं कर रहा है और वेबसाइट बार-बार क्रैश हो जा रही है. वहीं, कई छात्रों ने पेमेंट से जुड़ी दिक्कतों के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि पैसे कट जा रहे हैं लेकिन आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा है. इसके बाद जो सबसे बड़ी दिक्कत वह थी धुंधली कॉपियों की. छात्रों ने शिकायत की कि पोर्टल पर अपलोड की गई कॉपियां साफ नहीं हैं. वह इतने धुंधले हैं कि नंबर और लिखावट समझ नहीं आ रही है.
आजतक एजुकेशन डेस्क