भारतीय रेलवे (Indian Railway) फेस्टिव सीजन में अपने लाखों कर्मचारियों को बोनस देने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को रेलवे कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देते PLB पर अपनी मोहर लगा दी है. इसके तहत 11 लाख से ज्यादा रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों की सैलरी के बराबर बोनस का भुगतान किया जाएगा. इसके लिए 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जाएगा.
2009 करोड़ रुपये का पेमेंट
मोदी कैबिनेट द्वारा अप्रूव किए गए रेलवे कर्मचारियों के लिए प्रोडक्टिव लिंक्ड बोनस के लिए 2009.61 करोड़ रुपये के भुगतान को मंजूरी दी गई है. इस वर्ष 11,40,770 गैर-राजपत्रित रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी राशि का भुगतान किया जाएगा. इसके लिए सरकार ने 2009.61 करोड़ रुपये के भुगतान को मंजूरी दी है. बता दें पीएलबी का भुगतान रेल कर्मचारियों को रेलवे के प्रदर्शन में सुधार के लिए प्रेरित करने वाले प्रोत्साहन के रूप में कार्य करता है.
दशहरा से पहले मिलेगा Bonus!
प्रोडक्टिव लिंक्ड बोनस के लिए पात्र रेलवे कर्मचारियों को PLB का भुगतान हर साल दुर्गा पूजा या फिर दशहरा की छुट्टियों से पहले किया जाता है. इसका मतलब है कि जल्द ही इनके खातों में बोनस की रकम आ सकती है. यह बोनस राशि रेल कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों जैसे ट्रैक मेंटेनेंस कर्मी, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, तकनीशियन सहायक, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और अन्य ग्रुप 'C' स्टाफ को दी जाएगी.
कितना मिलेगा रेल कर्मियों को बोनस?
रेलवे की ओर से पात्र रेल कर्मचारियों को अधिकतम प्रोडक्टिव लिंक्ड बोनस (Railway Productive Linked Bonus) 78 दिनों की सैलरी के बराबर दिया जाएगा, जो उनके लिए 17,951 रुपये होगा. वर्तमान में, वार्षिक बोनस की गणना 7,000 रुपये की वेतन सीमा के आधार पर की जाती है. मतलब साफ है कि इससे अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों का बोनस भी निर्धारित गणना सीमा के अनुसार तय होगा.
सरकार के आंकड़ों पर गौर करें, तो वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा. रेलवे ने रिकॉर्ड 1670 मिलियन टन माल लादा और लगभग 7.41 अरब यात्रियों को यात्रा कराई.
रेलवे बोर्ड (Railway Board) ने स्टेट रेलवे प्रोविडेंट फंड यानी SRPF के पात्र सदस्यों को दिए जा रहे प्रोडक्टिव लिंक्ड बोनस की पूरी रकम या फिर उसके कुछ हिस्से को अपने संबंधित भविष्य निधि खाते में जमा करने का ऑप्शन भी दिया है. हालांकि, ये निर्णय कर्मचारी की स्वेच्छा पर निर्भर करेगा.
आजतक बिजनेस डेस्क