Sitapur Girl Bike Stunt Video: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने का शौक एक युवती को भारी पड़ गया. इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए युवती ने बीच सड़क पर बाइक चलाते हुए ऐसा खतरनाक स्टंट किया कि अब उसे ₹16,000 का चालान भरना पड़ेगा. बिना हेलमेट पहने बाइक से किए गए इस स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया है. यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए आखिर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना कितना सही है.
यह मामला सीतापुर की VIP रोड का है, जो आई हॉस्पिटल से होते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के आवास तक जाती है. यह सड़क शहर के व्यस्त रास्तों में से एक है और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है. खास बात यह है कि इस सड़क के आसपास जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के आवास भी हैं.
यह भी पढें: भौकाली लुक... कमाल फीचर्स! लॉन्च होते ही सोल्ड-आउट हुई ये SUV
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती बाइक चलाते हुए दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि वह पंजाबी गाने पर इंस्टाग्राम रील बना रही थी. वीडियो में युवती पहले बाइक चलाती नजर आती है और फिर चलती बाइक के हैंडल से दोनों हाथ छोड़ देती है. इस दौरान वह अपने दोनों हाथों को फ्यूल टैंक पर रखकर कैमरे के सामने पोज भी देती दिखाई देती है. हैरानी की बात ये है कि, इस स्टंट के दौरान युवती ने हेलमेट भी नहीं पहना था.
चंद लाइक्स के लिए सड़क पर जानलेवा स्टंट
पब्लिक रोड पर इस तरह बाइक चलाना न सिर्फ चालक, बल्कि दूसरे लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकता है. चलते वाहन में हैंडल से दोनों हाथ छोड़ने पर बैलेंस बिगड़ने का खतरा रहता है. सड़क पर अचानक कोई वाहन आ जाए, या सामने से कोई दूसर व्यक्ति या जानवर आ जाए तो वाहन चालक के पास इतना समय नहीं रहता है कि वो रिएक्ट कर सके. ऐसे में गंभीर हादसा हो सकता है.
ख़ासकर बिजी रोड्स इस तरह का स्टंट करना और भी जोखिम भरा है. स्थानीय लोगों ने भी ऐसे वीडियो को लेकर चिंता जताई है. सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
इन मामलों में कटा ₹16,000 का चालान
वीडियो वायरल होने के बाद सीतापुर ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और युवती के खिलाफ 16,000 रुपये का चालान जारी किया. दी गई जानकारी के मुताबिक, चालान में तीन तरह के ट्रैफिक वॉयलेशन के लिए जुर्माना किया गया है. इसमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 1,000 रुपये, राज्य सरकार की लिखित अनुमति के बिना सार्वजनिक स्थान पर रेसिंग या स्पीड ट्रायल करने पर 5,000 रुपये और निर्धारित वायु प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये का जुर्माना शामिल है. इन तीनों को मिलाकर कुल 16,000 रुपये का चालान कटा है..
यह भी पढें: ERTIGA छोड़... इस 7-सीटर फैमिली कार पर टूटे लोग, बनी नंबर 1
आजकल सोशल मीडिया पर अलग दिखने और ज्यादा व्यूज पाने के लिए लोग सड़क पर वीडियो बनाने से भी पीछे नहीं हटते. लेकिन पब्लिक रोड कोई स्टंट करने की जगह नहीं है. एक छोटी सी लापरवाही बाइक सवार के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है.
इस मामले के बाद युवती ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए अपने रील के वीडियो कैप्शन को एडिट किया और लिखा कि, मैंने सिक्योरिटी में स्टंट किए थे, लेकिन मैं आम जनता से अपील करती हूँ कि आप लोग सार्वजनिक सड़कों पर ऐसा बिल्कुल न करें. स्टंट सिर्फ सुरक्षित और नियंत्रित जगह पर ही करें. अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क