महिंद्रा ने अपनी पहली सीएनजी कार को लॉन्च कर दिया है. लंबे समय तक सीएनजी से दूरी बनाए रखने वाली कंपनी ने आखिरकार अपनी पहली सीएनजी एसयूवी को लॉन्च किया है. इसके लिए कंपनी ने अपनी सबसे सस्ती एसयूवी को चुना है. हम बात कर रहे हैं महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी (Mahindra XUV 3XO ZNG) की.
इस कार को कंपनी ने 9.99 लाख रुपये की एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है. फैक्टरी फिटेड सीएनजी का ऑप्शन महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ के चार वेरिएंट्स- एमएक्स एज, रेवएक्स एज (ओ), एएक्स5 और रेवएक्स ए में मिलेगा. कार का टॉप वेरिएंट 12.27 लाख रुपये एक्स शोरूम कीमत पर आता है.
महिंद्रा ने इस कार में ट्विन सिलेंडर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है. कार का क्लेम्ड माइलेज 24.70 किलोमीटर प्रति किलोग्राम का है. एसयूवी में डुअल डिजिटल स्क्रीन, कनेक्टेड टेक, सनरूफ और कई दूसरे फीचर्स मिलते हैं. सीएनजी का विकल्प सिर्फ मैन्युअल गियरबॉक्स के साथ मिलेगा. इसमें आपको ऑटोमेटिक का विकल्प नहीं दिया जाएगा. महिंद्रा की इस कार का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी ब्रेजा सीएनजी और टाटा नेक्सॉन सीएनजी से होगा.
एक्सयूवी 3एक्सओ सीएनजी में 1.2 लीटर का टर्बो चार्ज्ड एमपीएफआई पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 110 एचपी की पावर और 200 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करता है. महिंद्रा दावा करती है कि ये कार 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड सिर्फ 4.9 सेकंड में पकड़ लेती है.
यह भी पढ़ें: CRETA-SIERRA की उड़ेगी नींद... 29KM माइलेज वाली SUV की होगी एंट्री
कार के एंट्री लेवल एमएक्स एज वेरिएंट की कीमत 9.99 लाख रुपये एक्स शोरूम है. इस वेरिएंट में 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो, वायर्ड ऐपल कारप्ले और चार स्पीकर मिलते हैं. अन्य स्टैंडर्ड फीचर्स की बात करें, तो इसमें क्रूज कंट्रोल, सलेक्टेबल स्टीयरिंग मोड्स, रिवर्स कैमरा और रियर एसी वेंट्स मिलते हैं.
एसयूवी में 16 इंच का स्टील व्हील और बाय-हैलोजन प्रोजेक्ट हेडलैम्प्स मिलते हैं. इसके अलावा कार में 6 एयरबैग की सेफ्टी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, आईसोफिक्स चाइल्ड सीट एंकर और रियर पार्किंग सेंसर मिलते हैं. अगर आप इस वेरिएंट ऊपर 80 हजार रुपये ज्यादा खर्च करेंगे. यानी रेवएक्स एज (ओ) {REVX EDGE (O)} को चुनते हैं, तो आपको कुछ ज्यादा फीचर्स मिलेंगे.
यह भी पढ़ें: SUV मार्केट में नहीं है कोई टक्कर देने वाला... 15 लाख लोगों के खरीदी कार
इस वेरिएंट में सिंगल पैनल सनरूफ, रूफ रेल्स, इलेक्ट्रिकली फोल्डेबल मिरर, ऑटोमेटिक हेडलैम्प्स और ऑटोमेटिक वाइपर मिलते हैं. इसके अलावा कार में पैसिव की-लेस एंट्री, पुश-बटन स्टार्ट और हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मिलती है. एक्सटीरियर में डुअल टोन रूफ, गनमेटल ग्रे ग्रिल और ब्लैक व्हील कवर मिलता है. ब्लैक लेदरेट अपहोल्स्ट्री इसके कैबिन को बेस वेरिएंट से अलग बनाती है. कार के इस वेरिएंट की कीमत 10.79 लाख रुपये एक्स शोरूम है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क