हीरो मोटोकॉर्प (Hero Motocorp) के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड विडा ने अपना नया स्कूटर लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने अपने वीएक्स2 (VX2) पोर्टफोलियो को एक्सपैंड करने हुए नया वेरिएंट जोड़ा है, जो बड़ी बैटरी और ज्यादा रेंज के साथ आता है. कंपनी ने वीएक्स 2 प्लस का 4.4kWh बैटरी वाला वेरिएंट लॉन्च किया है.
ये कंपनी की वीएक्स2 फैमिली में चौथा मॉडल है. लॉन्चिंग पर कंपनी ने बताया है कि इस फ्लैगशिप स्कूटर ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है. स्कूटर ने 12,111 किलोमीटर का सफर करके एक इलेक्ट्रिक स्कूटर से सबसे लंबी तय की गई दूरी का रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
विडा वीएक्स2 प्लस का 4.4kWh बैटरी वाला वेरिएंट 1,43,990 रुपये की एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च हुआ है. दिल्ली में आप इस स्कूटर को सस्ते में खरीद सकते हैं. चूंकि यहां पर 30 हजार रुपये की स्टेट सब्सिडी मिल रही है, तो इसकी एक्स शोरूम कीमत 1,13,990 रुपये हो जाती है. यानी दिल्ली में ये स्कूटर 30 हजार रुपये सस्ते में मिल रहा है.
इसमें 2.2kWh की दो बैटरी दी गई हैं, जिन्हें स्कूटर से निकाला जा सकता है. यानी इसमें रिमूवेबल बैटरी मिलती है, जिनकी कंबाइन्ड पावर 4.4kWh है. ब्रांड की मानें तो सिंगल चार्ज में ये स्कूटर 187 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज ऑफर करता है.
यह भी पढ़ें: 50 हजार से कम कीमत, 90Km की रेंज... TVS या Vida कौन है बेस्ट
ये देश में मिलने वाले सबसे ज्यादा रेंज कवर करने वाले स्कूटर्स में से एक है. इसकी परफॉर्मेंस भी अपग्रेड हुई है. वीएक्स 2 प्लस में 6kW की पीक पावर और 26 एनएम का टॉर्क मिलता है. इसमें तीन राइडिंग मोड्स मिलेंगे. राइडर इस स्कूटर को इको, राइड और स्पोर्ट्स मोड में चला सकता है.
इसकी टॉप स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटे की है. स्कूटर के साथ कंपनी 1kW का पोर्टेबल चार्ज दे रही है, जो इसे 0 से 80 परसेंट तक सिर्फ 3 घंटे और 30 मिनट में चार्ज कर सकता है. कंज्यूमर्स डीसी फास्ट चार्जर का इस्तेमाल भी इसे चार्ज करने में कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Vida VX2 Go: 90 पैसे का खर्च... 100 किमी रेंज! हीरो ने 60 हजार में लॉन्च किया धांसू इलेक्ट्रिक स्कूटर
इससे ये स्कूटर सिर्फ 65 मिनट में फुल चार्ज हो जाता है. स्कूटर में 4.3 इंच का टीएफटी डिस्प्ले मिलता है. इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न बाय टर्न नेविगेशन, ओटीए सॉफ्टवेयर अपडेट्स, 27.2 लीटर का अंडर सीट स्टोरेज और कंबाइन्ड ब्रेकिंग सिस्टम मिलता है.
रिमूवेबल बैटरी को आप स्कूटर से बाहर निकालकर भी चार्ज कर सकते हैं. ध्यान रखें ये स्कूटर बैटरी एज ए सर्विस के रूप में भी मिलता है. विडा वीएक्स2 प्लस 4.4kWh की डिलीवरी जुलाई 2026 के अंत में शुरू होगी.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क