scorecardresearch
 

ट्रंप के फैसले के खिलाफ US सांसदों का मोर्चा, रूस से तेल आयात रोकने को पेश किया बिल

अमेरिकी सांसदों ने ट्रंप प्रशासन के रूस से डीजल आयात की अनुमति देने वाले फैसले के खिलाफ नया बिल पेश किया है. बिल का उद्देश्य रूसी ऊर्जा आयात पर रोक को फिर लागू करना और यूक्रेन को अमेरिकी खुफिया मदद जारी रखना है.

Advertisement
X
ट्रंप प्रशासन के रूसी डीजल आयात के फैसले के खिलाफ अमेरिकी सांसदों ने पेश किया नया बिल.(Photo-ITG)
ट्रंप प्रशासन के रूसी डीजल आयात के फैसले के खिलाफ अमेरिकी सांसदों ने पेश किया नया बिल.(Photo-ITG)

अमेरिका में रूस से ऊर्जा आयात को लेकर एक बार फिर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. अमेरिकी सांसद ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने रूस से ऊर्जा आयात पर रोक बनाए रखने और यूक्रेन को दी जा रही अमेरिकी खुफिया मदद को सुरक्षित रखने के लिए नया विधेयक पेश किया है. इसे 'रॉनल्ड रीगन पीस थ्रू स्ट्रेंथ एक्ट ऑफ 2026' नाम दिया गया है. इस विधेयक को सांसद डॉन बेकन और मैरी ग्लूसेनकैंप पेरेज का भी समर्थन मिला है.

ब्रायन फिट्जपैट्रिक कांग्रेस के यूक्रेन कॉकस के सह-अध्यक्ष और हाउस इंटेलिजेंस कमेटी की सीआईए उपसमिति के अध्यक्ष हैं. उन्होंने कहा कि रूस ने युद्ध शुरू किया है, यूक्रेन ने नहीं. ऐसे में अमेरिका को रूस से तेल आयात नहीं करना चाहिए.

यह विधेयक ट्रेजरी विभाग की ओर से 9 अक्टूबर को जारी किए गए जनरल लाइसेंस 135 के बाद आया है. इस लाइसेंस के तहत रूसी डीजल ईंधन से जुड़े कुछ लेनदेन की अनुमति दी गई है. इसमें अमेरिका में रूसी डीजल के आयात से जुड़े लेनदेन भी शामिल हैं. फिट्जपैट्रिक ने कहा कि कांग्रेस ने 2022 में रूस से ऊर्जा आयात पर रोक लगाने वाला कानून पारित किया था और वह कानून अभी भी लागू है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक छूट के जरिए इस कानून के उद्देश्य को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए.

Advertisement

उन्होंने कहा कि रूस से खरीदा जाने वाला ऊर्जा उत्पाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के युद्ध को आर्थिक मदद देता है. उनके मुताबिक, रूस से तेल का एक भी बूंद आयात नहीं किया जाना चाहिए.

बिल में रूसी तेल आयात पर छूट खत्म करने का प्रस्ताव

इस विधेयक में ट्रेजरी विभाग की ओर से दी गई रूसी तेल आयात की छूट को खत्म करने का प्रस्ताव है. इसके तहत जनरल लाइसेंस 135 को तुरंत प्रभावहीन करने और भविष्य में रूसी ऊर्जा उत्पादों के आयात की अनुमति देने वाली ऐसी किसी भी छूट या सामान्य लाइसेंस पर रोक लगाने की बात कही गई है.

विधेयक में 2022 के रूस से तेल आयात रोकने वाले कानून को और मजबूती से लागू करने का भी प्रस्ताव है. इसके तहत ट्रेजरी विभाग को ऐसे समझौतों पर पैसा खर्च करने से रोका जाएगा, जो 2022 के कानून का उल्लंघन करते हों.

यूक्रेन को खुफिया मदद जारी रखने का प्रावधान

विधेयक में यूक्रेन की रक्षा के लिए जरूरी खुफिया मदद जारी रखने का भी प्रावधान किया गया है. इसके तहत संबंधित अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को यूक्रेन की रक्षा में मदद देने की जरूरत होगी. अगर यूक्रेन को दी जाने वाली खुफिया मदद में किसी तरह की रुकावट आती है, तो संबंधित एजेंसियों को 24 घंटे के भीतर कांग्रेस की खुफिया समितियों को इसकी जानकारी देनी होगी.

Advertisement

सांसदों ने ट्रंप प्रशासन पर साधा निशाना

सांसद डॉन बेकन ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से यूरोप की ओर से रूसी ऊर्जा खरीदने और रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को मदद देने की आलोचना करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने के पक्ष में भारी बहुमत से मतदान किया था. बेकन ने रूसी डीजल की बिक्री को आसान बनाने के फैसले का विरोध किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका को यूक्रेन और आजादी के पक्ष में खड़ा होना चाहिए.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement