
ईरान की सेना ने जिस फाइटर प्लेन F-15E को गिराकर नष्ट कर दिया है. उसका पायलट कहा है? इस सवाल पर वाशिंगटन से लेकर तेहरान तक चर्चा हो रही है. लेकिन ताजा जानकारी के मुताबिक अमेरिका ने ईरान से एक क्रू मेंबर को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया है.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिकी और इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरानी सेना के घटनास्थल तक पहुंचने से पहले ही एक खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया था. सूत्रों ने अमेरिकी न्यूज वेबसाइट Axios को यह भी बताया कि विमान में दो लोगों का चालक दल था.
BBC के अनुसार, F15-E में दो चालक दल के सदस्य होते हैं, जिनमें अगली सीट पर पायलट और पिछली सीट पर एक वेपन्स सिस्टम्स ऑफिसर (WSO) यानी कि गनर शामिल होता है. अमेरिकी सेना ने एक इनमें से एक क्रू मेंबर को बचा लिया है.
इजरायल के चैनल 12 ने एक सूत्र का हवाला देते हुए बताया है कि क्रैश हुए F-15E स्ट्राइक ईगल विमान में सवार दो अमेरिकी क्रू सदस्यों में से एक को बचा लिया गया है और दक्षिणी ईरान से निकाल लिया गया है.
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने सीएनन को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को अमेरिकी लड़ाकू विमान के क्रैश होने के बारे में जानकारी दे दी गई है.
ईरान ने शुक्रवार को दावा किया उसने दक्षिण-पश्चिम ईरान में एक अमेरिकी फाइटर प्लेन को गिराया है. इस प्लेन का मलबा तो मिल गया, पायलट का सीट भी मिल गया है. लेकिन पायलट कहां है इसकी स्पष्ट और पुख्ता जानकारी सामने नहीं आ पा रही थी.
अमेरिका के एक अधिकारी ने रॉयटर्स से बातचीत में इस घटना की पुष्टि कर दी है और कहा है कि एक क्रू मेंबर को सुरक्षित बचा लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है.
वहीं ईरान का दावा था कि विमान F-15E को दक्षिणी पश्चिम ईरान के ऊपर मार गिराया गया और ऐसी विश्वसनीय रिपोर्टें हैं कि अमेरिकी पायलट दुश्मन के इलाके में इजेक्ट हो गया.
खबरों के मुताबिक इस लड़ाकू जेट को शुक्रवार को इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने मार गिराया था, और पायलट इजेक्ट होकर देश के अंदर ही उतरा.
लेकिन अब ये पायलट कहां हैं इसे लेकर लगातार खोज हो रही थी. अब एक क्रू मेंबर मिल गया है.
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी सेना लापता पायलट की जानकारी पता करने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है. अमेरिकी फोर्सेज को विश्वास है कि पायलट जिंदा है. इसके बाद इस पायलट की तलाश में अमेरिकी हेलिकॉप्टर ने ईरान में सर्च ऑपरेशन चलाया है. जिस क्षेत्र में हादसा हुआ है वहां कई अमेरिकी हेलिकॉप्टर कम ऊंचाई में उड़ते हुए देखे गए. हालांकि ईरान की सेना IRGC अमेरिकी सैनिकों की ऐसी कोई कोशिश कामयाब नहीं होने दे रही थी. रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी हेलिकॉप्टर पर फायरिंग हो रही थी.
अमेरिकी फाइटर जेट के गिराए जाने के बाद ईरानी सरकारी मीडिया ने भी ऐसी तस्वीरें साझा कीं जिनमें अमेरिकी विमान, हेलिकॉप्टर, हवाई जहाज और ड्रोन उस इलाके के ऊपर उड़ते हुए दिखाई दे रहे थे. यह सब एक 'कॉम्बैट सर्च-एंड-रेस्क्यू' ऑपरेशन जैसा लग रहा था.
कहां हुई है घटना
इस घटना की जानकारी लोगों को एक सरकारी ईरानी टीवी चैनल से मिली है.
इस ईरानी चैनल के एंकर ने निवासियों से अपील की कि वे किसी भी "दुश्मन पायलट" को पुलिस के हवाले कर दें, और ऐसा करने वाले किसी भी व्यक्ति को इनाम देने का वादा किया. यह चैनल कोहकिलौयेह और बोयर-अहमद प्रांत में स्थित है.ये एक बेहद ग्रामीण और पहाड़ी इलाका है और 15,500 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है.
इससे पहले स्क्रीन पर नीचे की ओर चलने वाले एक संदेश में जनता से अपील की गई थी कि "अगर आप उन्हें देखें तो उन्हें गोली मार दें." यह संदेश सोशल मीडिया पर चल रहे उन वीडियो फुटेज के संदर्भ में था, जिनमें इस इलाके में अमेरिकी विमान जैसे दिखने वाले विमान दिखाई दे रहे थे.
घोषणा करते समय चैनल ने एक पिकअप ट्रक के पिछले हिस्से में पड़ा धातु का मलबा दिखाया, लेकिन इसके अलावा तुरंत कोई अन्य विवरण नहीं दिया.
पहली बार US ने माना- हमारा विमान गिरा
रिपोर्ट के अनुसार यह साफ नहीं हो पाया कि विमान के साथ असल में क्या हुआ है. ईरान यह दावा कर रहा है कि फाइटर प्लेन को मार गिराया गया है. अगर इस दावे की पुष्टि हो जाती है, तो इससे युद्ध में एक और बड़ा तनाव बढ़ सकता है, जो अब अपने पांचवें हफ़्ते के अंत के करीब है.

युद्ध की शुरुआत के बाद यह पहली बार है कि दुश्मन की गोलीबारी से अमेरिका का कोई जेट गिराया गया है. और अमेरिका ने इसे स्वीकार भी किया है.
पूरे युद्ध के दौरान ईरान ने दुश्मन के पायलट वाले विमानों को मार गिराने के बारे में कई दावे किए, जो कई बार सच साबित नहीं हुए. शुक्रवार को पहली बार ऐसा हुआ जब ईरान ने टेलीविजन पर आकर जनता से मार गिराये गए विमान के पायलट को खोजने की अपील की.
ईरान की सेमी गवर्मेंट न्यूज एंजेसी इरना ने दक्षिण-पश्चिमी ईरान के एक प्रांत के गवर्नर के हवाले से कहा है कि जो कोई भी अमेरिका के गिराए गए जेट विमान के क्रू को पकड़ता है या मार डालता है, 'उसे गवर्नर कार्यालय की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.'
जाग्रोस का खतरनाक माउंटेन रेंज
कोहकिलौयेह और बोयर-अहमद प्रांत ईरान के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में स्थित एक बेहद दुर्गम और पहाड़ी इलाका है. यह पूरा क्षेत्र ज़ाग्रोस पर्वत श्रृंखला के भीतर आता है, जो ईरान की सबसे अहम पहाड़ी संरचना में से एक मानी जाती है. यहां का भू-भाग ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों, संकरी घाटियों, गहरी दर्रों और घने ओक के जंगलों से बना है. इस वजह से यह इलाका प्राकृतिक रूप से लोगों को छिपा लेता है.
इस प्रांत की राजधानी यासुज है, जिसे अक्सर ईरान की प्रकृति की राजधानी कहा जाता है, क्योंकि यहां का वातावरण पहाड़ी और हरियाली से भरा रहता है. इलाके में माउंट डेना जैसी ऊंची चोटियां मौजूद हैं, जिनकी ऊंचाई लगभग पांच हजार मीटर तक पहुंचती है.