लंदन के ट्राफलगर स्क्वायर में शनिवार को प्रतिबंधित संगठन फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप पर लगे प्रतिबंधों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 523 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूरे ब्रिटेन में तनाव बढ़ गया है.
अपनी इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए लंदन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स बताया कि इन लोगों को एक प्रतिबंधित संगठन का समर्थन करने और प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
दरअसल, ये प्रदर्शनकारी इस प्रतिबंध को गलत बता रहे हैं, क्योंकि फरवरी में लंदन हाईकोर्ट के इस प्रतिबंधित संगठन को आतंकवादी संगठन घोषित करने वाले प्रतिबंधों को अवैध ठहराया था. हालांकि, यूके की गृह मंत्री शबाना महमूद को इस फैसले के खिलाफ अपील करने की अनुमति मिल गई है, जिससे और ज्यादा बढ़ गया है.
पुलिस के अनुसार, जुलाई 2025 में फिलिस्तीन एक्शन समूह पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगाया गया था. इस समूह पर आरोप है कि उसके कुछ सदस्यों ने रॉयल एयर फोर्स के एक बेस में घुसपैठ की थी. इस संगठन ने ब्रिटेन सरकार पर गाजा में इजरायली युद्ध अपराधों में साजिश का आरोप लगाया था, जबकि इजरायल इन आरोपों लगातार खारिज करता रहा है.
इसी के विरोध में शनिवार को हजारों प्रदर्शनकारी प्लेकार्ड लेकर इकट्ठा हुए और कुछ लोग काले और सफेद फिलिस्तीनी स्कार्फ पहने हुए थे और फिलिस्तीनी झंडे लहरा रहे थे. कई प्रदर्शनकारी जमीन पर बैठे हुए थे या कैंपिंग कुर्सियों पर बैठकर विरोध जता रहे थे. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सख्त रुख अपनाया और सामूहिक गिरफ्तारियां शुरू कर दीं. दूसरी ओर इजरायल गाजा में किसी भी तरह के दुर्व्यवहार के आरोपों से लगातार इनकार करता रहा है.