रोमानियाई जलक्षेत्र में खड़े एक कमर्शियल जहाज में बुधवार देर रात अचानक आग लग गई. इस घटना के बाद क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. रोमानियाई अधिकारियों ने बताया कि नाटो के ईस्टर्न फ्लैंक के पास ब्लैक सी में शिपिंग रिस्क को बढ़ाने वाला यह ताजा मामला है.
अक्टूबर की शुरुआत से NATO सदस्य रोमानिया और बुल्गारिया के तटों के पास ब्लैक सी में पांच कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाया गया है, जिसमें लगभग 23 नाविकों की मौत हो गई या वे लापता हो गए.
इन हमलों ने उस बढ़ते खतरे को उजागर किया है जो रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े ड्रोन हमले के कारण ब्लैक सी में कमर्शियल शिपिंग के लिए पैदा हुआ है.
यह भी पढ़ें: रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक का खौफनाक CCTV फुटेज, ब्लास्ट होते ही मची भगदड़
रोमानिया की नेवल अथॉरिटी ने बताया कि उसे कोमोरोस के फ्लैग वाले केमिकल और ऑयल टैंकर 'यारा जे' (Yara J) पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद क्रू सुरक्षित बाहर निकल आया.
इस बीच, डिफेंस मिनिस्टर राडू मिरुटा ने कहा, 'यह अभी क्लियर नहीं है कि जहाज पर ड्रोन से अटैक हुआ था या नहीं, मामले की जांच जारी है.'
वहीं, ब्लैक सी में कुछ दिन पहले बुल्गारिया के तट के पास दो जहाजों को ड्रोन से निशाना बनाया गया था. इनमें से एक जहाज पूरी तरह डूब गया था, जबकि दूसरे को तीन ड्रोन हमलों में नुकसान पहुंचा. बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने यह जानकारी दी थी.
प्रधानमंत्री रादेव के अनुसार, यूक्रेन के स्वामित्व वाला जहाज ‘चेल्सी 3’ माल्टा के झंडे के तहत समुद्र में चल रहा था. बुल्गारिया के तट से करीब 18 नॉटिकल मील यानी लगभग 33 किलोमीटर दूर रात को उस पर तीन ड्रोन से हमला किया गया.