अमेरिका और ईरान के बीच संशय की स्थिति लगातार बनी हुई है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है.उन्होंने मंगलवार को पेंटागन में जनरल डैन केन के साथ प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि दोनों मुल्कों के बीच सीजफायर अभी खत्म नहीं हुआ है, भले ही होर्मुज में प्रभुत्व को लेकर अमेरिकी नौसेना और ईरान के बीच गोलीबारी हुई हो.
उन्होंने कहा कि हम लड़ाई नहीं चाहते. लेकिन ईरान कहता है कि वह होर्मुज को नियंत्रित करता है लेकिन ऐसा नहीं है. ईरान स्पष्ट रूप से आक्रामक है. अमेरिका का लक्ष्य ईरानी आक्रामकता से जहाजों को बचाना है. हेगसेथ ने प्रोजेक्ट फ्रीडम का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऑपेशन सीमित है और इसके लिए अमेरिकी बलों को ईरानी हवाई क्षेत्र या समुद्र में प्रवेश करने की जरूरत नहीं है.
बता दें कि प्रोजेक्ट फ्रीडम ऑपरेशन को डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू किया था. यह अमेरिका का नौसैनिक अभियान है, जिसका उद्देश्य दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन मार्गों में से एक होर्मुज से जहाजों को सुरक्षित पार कराना है.
पेंटागन प्रमुख हेगसेथ ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को डिफेंसिव और सीमित बताते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल ईरान के हमले से कमर्शियल जहाजों की रक्षा करना है. उन्होंने यह भी कहा कि कम से कम दो अमेरिकी कमर्शियल जहाज इस व्यवस्था के तहत सफलतापूर्वक होर्मुज पार कर चुके हैं, जबकि कई अन्य को ईरानी बंदरगाह प्रतिबंधों का उल्लंघन करने की कोशिश के बाद वापस लौटना पड़ा.
युद्धविराम समाप्त नहीं हुआ है- हेगसेथ
रक्षा मंत्री हेगसेथ ने उस दावे को भी खारिज कर दिया कि यह ऑपरेशन अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर टूटने का संकेत है. यह सीजफायर खत्म नहीं हुआ है. यह एक अलग और स्वतंत्र प्रोजेक्ट है. हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि आगे तनाव बढ़ने से बचने के लिए ईरान को सावधानी बरतनी चाहिए और ईरान से सतर्क रहने को कहा.
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन ने ईरान की रणनीति पर और सख्त टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि युद्धविराम के बाद से ईरान ने कमर्शियल जहाजों पर नौ बार गोलीबारी की है और दो कंटेनर जहाजों को जब्त किया है. इसके साथ ही अमेरिकी बलों पर 10 से अधिक हमले किए हैं.
उन्होंने कहा कि हाल के हफ्तों में ईरान ने कमर्शियल जहाजों और अमेरिकी बलों पर बार-बार हमले किए हैं, लेकिन ये अभी उस स्तर से नीचे हैं जो पूर्ण पैमाने पर युद्ध को फिर से शुरू कर सके. हेगसेथ ने कहा कि ईरान वैश्विक सप्लाई चेन को हथियार बना रहा है और पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था को पंगु बनाने की कोशिश कर रहा है.