टीवी की मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने अपने करियर के सबसे विवादित दौर को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. 'भाभीजी घर पर हैं' छोड़ने के बाद लंबे समय तक विवादों में रहीं शिल्पा ने अब स्वीकार किया है कि उन्होंने शो के प्रोड्यूसर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस किया था, लेकिन वह केस पूरी तरह सच नहीं था.
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट 'भारती टीवी' में बातचीत के दौरान शिल्पा ने पहली बार इस मामले पर खुलकर बात की. इस दौरान वह काफी भावुक भी नजर आईं और कई बार उनकी आंखें नम हो गईं.
'भाभीजी घर पर हैं' छोड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद
शिल्पा शिंदे ने बताया कि 'भाभीजी घर पर हैं' की सफलता के बावजूद उनके और प्रोडक्शन हाउस के बीच रिश्ते खराब हो गए थे. उनका आरोप था कि उन पर ऐसा एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह कहीं और काम नहीं कर सकें.
एक्ट्रेस ने कहा कि जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो उन्हें डराने और दबाव में लाने की कोशिश की गई. उन्होंने बताया- मुझे कहा गया कि अगर तुमने हमारी बात नहीं मानी तो हम तुम्हें घर बैठा देंगे. तुम्हें कहीं काम नहीं मिलेगा.
'अचानक कहा गया कि कल से शूट नहीं है'
शिल्पा ने दावा किया कि उन्हें शो से हटाने की योजना पहले ही बना ली गई थी. उन्होंने बताया कि जिन दिनों उन्हें छुट्टी तक नहीं मिलती थी, अचानक कहा गया कि अगले दिन से उनकी शूटिंग नहीं है. उन्होंने कहा- मेरे 10 दिन के एपिसोड का शूट सिर्फ दो दिन में खत्म कर दिया गया. फिर अखबारों में खबरें छपने लगीं कि मुझे शो से निकाल दिया गया है.
शिल्पा के मुताबिक, उस समय यह सब उन्हें मानसिक रूप से तोड़ने और डराने के लिए किया जा रहा था.
'20 करोड़ तक के नोटिस मिले'
एक्ट्रेस ने बताया कि विवाद बढ़ने के बाद उन्हें करोड़ों रुपये के लीगल नोटिस मिलने लगे. मामला इतना बढ़ गया था कि वो खुद को चारों तरफ से घिरा हुआ महसूस करने लगी थीं.
उन्होंने कहा- अगर मैं मानसिक रूप से मजबूत नहीं होती तो शायद टूट जाती. मुझे 12 करोड़, 20 करोड़ तक के नोटिस मिल रहे थे. मेरे वकील तक को खरीद लिया गया था. यहां केस चल रहा था और मैंने फोन किया तो वो लंदन में बैठा था.
शिल्पा ने लगाया था झूठा इल्जाम
बातचीत के दौरान शिल्पा ने वह बात बताई, जिसके बाद सभी हैरान रह गए. उन्होंने कहा- आज मैं पहली बार ये बात स्वीकार कर रही हूं. मैंने अपने प्रोड्यूसर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस किया था, लेकिन वो झूठ था. यह कहते हुए शिल्पा कुछ देर के लिए भावुक हो गईं.
शिल्पा ने बताया कि उन्होंने यह कदम मजबूरी में उठाया था क्योंकि उन्हें लग रहा था कि उनके सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा- मेरे पास कोई ऑप्शन नहीं बचा था. मैंने शो छोड़ दिया था, लेकिन उसके बाद भी मुझे नहीं छोड़ा जा रहा था. हर तरफ से दबाव बनाया जा रहा था.
एक्ट्रेस के मुताबिक, पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के दौरान भी उन्हें कहा गया था कि मामला दर्ज कराने के लिए गंभीर आरोप लगाने होंगे.
कैसे सुधरे रिश्ते?
शिल्पा ने बताया कि लंबे विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ. इसके बाद उनका रुका हुआ भुगतान भी क्लियर कर दिया गया. उन्होंने कहा कि समझौते की शर्तों के तहत दोनों पक्षों ने तय किया था कि भविष्य में वे एक-दूसरे के खिलाफ मीडिया में कोई बयान नहीं देंगे.
शिल्पा ने यह भी खुलासा किया कि इतने बड़े विवाद के बावजूद आज उनके और उस प्रोडक्शन टीम के रिश्ते सामान्य हैं. उन्होंने कहा- आज हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं. उस समय हालात ऐसे थे कि मुझे लड़ना पड़ा. लेकिन अब चीजें बदल चुकी हैं.
11 साल बाद किया खुलासा
शिल्पा शिंदे ने कहा कि वह 11 साल बाद पहली बार इस पूरे मामले पर खुलकर बोल रही हैं. उनके मुताबिक, उस दौर में उन्हें लगा था कि अगर वह अपनी लड़ाई नहीं लड़ेंगी तो उनका करियर पूरी तरह खत्म हो सकता है. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने जो भी किया, वह उस वक्त की परिस्थितियों का नतीजा था. उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा था. हालांकि अब वह मानती हैं कि वह उनके जीवन का सबसे मुश्किल दौर था. उन्हें CINTAA की ओर से बैन तक कर दिया गया था, जिसकी बाद में वो खुद इलेक्शन जीत कर प्रेसिडेंट बनी थीं.