नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी बोर्नो राज्य में इस्लामिक मिलिटेंट्स ने मंगलवार देर रात एक दूरस्थ गांव पर हमला कर दिया. इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी है.
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात उग्रवादियों ने बोर्नो राज्य के साम्बिया जंगल के किनारे स्थित पुबागु गांव पर हमला किया जो लंबे वक्त से नाइजीरिया में इस्लामिक विद्रोह का केंद्र रहा है.
गांव वालों ने बताया कि उन्होंने बुधवार सुबह सभी मृतकों का अंतिम संस्कार (दफन) कर दिया गया है. उन्होंने इस हमले के लिए बोको हराम गुट को जिम्मेदार ठहराया है.
स्थानीय परिषद के अध्यक्ष मवादा सैदु उबा ने बताया कि ये गांव पहले सुरक्षित माना जाता था, लेकिन अब सुरक्षा घेरे में सेंध लग चुकी है.
उन्होंने कहा, 'पुबागु हमारे काउंसिल क्षेत्र का वो इलाका है जहां कल रात तक कभी ऐसा हमला नहीं हुआ था.' घायल दोनों व्यक्तियों का इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है.
स्थानीय वार्ड अधिकारी उस्मान रूमिरगो ने बताया कि हमलावरों ने जाने से पहले कई घरों को आग के हवाले कर दिया. नाइजीरिया के विशाल ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा की कमी का फायदा उठाकर बोको हराम और आईएसडब्ल्यूएपी (ISWAP) जैसे आतंकी संगठन अक्सर इन समुदायों को निशाना बनाते हैं.
नाइजीरिया लंबे वक्त से बोको हराम और इस्लामिक स्टेट से जुड़े गुटों के साथ-साथ फिरौती के लिए अपहरण करने वाले गिरोहों से जूझ रहा है. बोर्नो राज्य इस इस्लामी विद्रोह का केंद्र बना हुआ है. हालिया हिंसा ने ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद सुरक्षा खामियों को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया है.