scorecardresearch
 

म्यांमार में चीनी सीमा के पास भीषण धमाका, विस्फोटकों से भरी इमारत उड़ी, 55 लोगों की मौत

म्यांमार में एक गांव में हुए भीषण धमाके ने भारी तबाही मचा दी. खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों से भरी एक इमारत में हुए विस्फोट में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए. धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए.

Advertisement
X
म्यांमार विस्फोट में 100 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त, 70 से अधिक लोग घायल. (Photo: X)
म्यांमार विस्फोट में 100 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त, 70 से अधिक लोग घायल. (Photo: X)

म्यांमार के पूर्वोत्तर इलाके में रविवार को हुए एक भीषण धमाके में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए. धमाका एक ऐसी इमारत में हुआ जहां खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में विस्फोटक रखे गए थे. यह हादसा नामखाम टाउनशिप के कौंगटुप गांव में दोपहर के करीब हुआ. 

यह इलाका चीन की सीमा से लगभग तीन किलोमीटर दक्षिण में स्थित है. फिलहाल ता'आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) के नियंत्रण में है. TNLA एक जातीय सशस्त्र समूह है, जो लंबे समय से म्यांमार की केंद्र सरकार के खिलाफ संघर्ष करता रहा है. धमाके के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. 

घटनास्थल पर पहुंचे एक बचाव कर्मी ने बताया कि रविवार शाम तक 46 शव बरामद कर लिए गए थे, जिनमें छह बच्चे भी शामिल थे. सभी शवों को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया. अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बचाव कर्मी ने बताया कि 74 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. राहत-बचाव अभियान अभी भी जारी है.

नामखाम में मौजूद एक बचाव कर्मी ने बताया कि धमाके के कारण आसपास के 100 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे इलाके में मलबा फैल गया. म्यांमार के कई मीडिया संस्थानों ने मृतकों की संख्या 50 से 55 के बीच बताई है. 

Advertisement

मीडिया संस्थानों द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में धमाके के बाद उठता धुएं का विशाल गुबार और तबाह इमारतें दिखाई दे रही हैं. चीन के सरकारी प्रसारक CCTV ने भी धमाके की पुष्टि करते हुए बताया कि कई लोगों की मौत हुई है. बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं. उसने मृतकों का कोई निश्चित आंकड़ा जारी नहीं किया.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमाका उस स्थान पर हुआ जहां खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में विस्फोटक रखे गए थे. प्रभावित लोगों के लिए राहत अभियान शुरू कर दिया गया है. प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, चिकित्सा और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराया जा रहा है.

ता'आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) ने अपने बयान में कहा कि उसके आर्थिक विभाग ने खनन और पत्थर की खदानों में इस्तेमाल होने वाले 'जेलिग्नाइट' को जमा करके रखा था. जेलिग्नाइट एक शक्तिशाली विस्फोटक होता है. इसका उपयोग माइनिंग ऑपरेशंस और रॉक ब्लास्टिंग में किया जाता है. 

विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि इसे लंबे समय तक या उचित तरीके से स्टोर नहीं किया जाए तो यह बेहद अस्थिर हो सकता है. TNLA विद्रोही संगठन 'थ्री ब्रदरहुड अलायंस' का सदस्य है. जो साल 2023 के आखिर में म्यांमार की सेना के खिलाफ बड़े अभियान के बाद नामखाम क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने में सफल रहा था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement