दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना (IDF) और हिजबुल्लाह के बीच जंग खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. इजरायली सेना लगातार दक्षिणी लेबनान इलाके में ग्राउंड इन्वेजन की कोशिश कर रही है, लेकिन हिजबुल्लाह के लड़ाकों ने इजरायली सैनिकों को जमीन पर कड़ी चुनौती दे रहे हैं, जिससे आईडीएफ अब तक नदी पार करने में विफल रही है. इसी क्रम में इजरायली एयरफोर्स ने लितानी नदी के उत्तर और दक्षिण में स्थित गांवों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं. ग्राउंड जीरो पर मौजूद हमारे संवाददाता अशरफ वानी ने अपनी ग्राउंड रिपोर्ट में ताजा हालातों की जानकारी दी है.
मैं इस वक्त दक्षिणी लेबनान में हूं, जहां करीब एक महीने से इजरायल की तरफ से यहां लगातार ग्राउंड इन्वेजन चल रहा है, लेकिन लितानी नदी के उत्तर की तरफ ग्राउंड इन्वेजन बहुत मुश्किल हो गया है, क्योंकि आईडीएफ को हिजबुल्लाह के लड़ाके कड़ी चुनौती दे रहे है.
उन्होंने ताजा हालातों की जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण लेबनान के निवात इलाके में पहुंचने पर हर तरफ गाजा जैसी तबाही का मंजर दिखाई देता है. जहां कभी हंसते-खेलते घर थे, वहां अब सिर्फ खंडहर और धुएं का गुबार बचा है. इजरायली हवाई हमलों ने उन चुनिंदा घरों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया है, जिनका संबंध हिजबुल्लाह के नेटवर्क से बताया जा रहा है. आप जहां भी नजर दौड़ाएंगे, आपको तबाही के सिवा कुछ और नजर नहीं आएगा.
यहां देखें ग्राउंड रिपोर्ट
हवाई हमले शुरू करने से पहले इजरायली सेना ने इन गांवों को खाली करने की चेतावनी दी थी. लोगों को बताया गया था कि ये इलाके अब सुरक्षित नहीं हैं, जिसके बाद निवासियों का पलायन हुआ. खाली पड़े इन गांवों में शुक्रवार की शाम भीषण बमबारी की गई. हालांकि, लोगों की मौजूदगी न होने से जनहानि टली, लेकिन बुनियादी ढांचा और लोगों की जीवन भर की कमाई मिट्टी में मिल गई है.