scorecardresearch
 

'ईरान के साथ युद्ध रोक दिया है लेकिन...', तनाव के बीच नेतन्याहू का बड़ा बयान

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ लड़ाई रुकने की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में फिर से हमला हुआ तो इजरायल पूरी ताकत से जवाब देगा. नेतन्याहू ने कहा कि ईरान और हिजबुल्लाह कमजोर हो चुके हैं, लेकिन लड़ाई खत्म नहीं हुई है.

Advertisement
X
नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल फिर से ईरान पर हमले कर सकता है (Photo: Reuters)
नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल फिर से ईरान पर हमले कर सकता है (Photo: Reuters)

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को ईरान के साथ लड़ाई रुकने की बात स्वीकार की, लेकिन चेतावनी दी कि अगर भविष्य में फिर कोई हमला हुआ तो इजरायल उसका पूरी ताकत के साथ जवाब देगा.

एक वीडियो मैसेज में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि लड़ाई इसलिए थमी क्योंकि ईरान कमजोर हो गया है और उसने हमले बंद कर दिए हैं.

उन्होंने कहा, 'ईरान और हिजबुल्लाह पहले से कहीं ज्यादा कमजोर हो चुके हैं और हम पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं. लेकिन उनके साथ हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. पिछले 24 घंटों में ईरान और हिजबुल्लाह ने हम पर एक नया समीकरण थोपने की कोशिश की. मेरे ख्याल से यह पूरी तरह असहनीय और अस्वीकार्य है. उन्हें लगा कि वे लेबनान और ईरान की जमीन से इजरायल पर हमला करेंगे और हम कोई कार्रवाई नहीं करेंगे. ऐसा न पहले हुआ है और न मेरे रहते कभी होगा.'

इजरायल को आत्मरक्षा का अधिकार: नेतन्याहू

नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल, ईरान के सहयोगी लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए है. उन्होंने कहा कि इजरायल को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है और वो जरूरत पड़ने पर इसका पूरी तरह इस्तेमाल करेगा.

Advertisement

उन्होंने कहा, 'जैसा कि मैं दशकों से करता आया हूं, मैं अपने दुश्मनों के खिलाफ कार्रवाई करने के हमारे अधिकार पर मजबूती से कायम हूं. हमने इस बार भी ऐसा ही किया. हिजबुल्लाह ने इजरायली क्षेत्र पर गोलीबारी की जिसके बाद मैंने इजरायली सेना (IDF) को बेरूत में आतंकवादी ठिकानों पर हमला करने और वहां मौजूद हिजबुल्लाह के आतंकियों को खत्म करने का आदेश दिया. हमने ऐसा किया. इसके बाद जब ईरान ने इजरायल पर हमला किया, तो मैंने IDF को पूरे ईरान में सैन्य और आर्थिक ठिकानों पर हमला करने का निर्देश दिया. हमने वह भी किया.'

नेतन्याहू ने कहा, 'फिलहाल मोर्चे पर स्थिति नियंत्रित है, क्योंकि तेहरान के आतंकी शासन पर हमारी कार्रवाई के बाद उसने हम पर हमले बंद कर दिए हैं. लेकिन अगर ईरान का आतंकी शासन दोबारा गलती करता है और हम पर हमला करता है, तो हम पूरी ताकत के साथ जवाब देंगे. इजरायल को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है और हम जरूरत के अनुसार उसका इस्तेमाल करेंगे. मैं आपसे वही कह रहा हूं जो अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई बातचीत में भी कहा था.'

सोमवार को इजरायल और ईरान ने एक-दूसरे पर फिर हमले किए. ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने भी इजरायल की ओर एक मिसाइल दागी और लाल सागर में जहाजों को रोकने की धमकी दी. दो महीने पहले लागू हुए युद्धविराम के बाद से यह पहली बार है जब दोनों पक्षों में तनाव काफी बढ़ गया.

Advertisement

इजरायली अधिकारियों के अनुसार, ईरान ने देश पर तीन राउंड मिसाइलें फायर की. इजरायल के मध्य हिस्से में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं और देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों को नाकाम किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement