ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर पिछले कई हफ्तों से दुनियाभर में तरह-तरह की खबरें चल रही हैं. कोई कह रहा था उनका पैर कट गया, कोई कह रहा था चेहरा बुरी तरह जल गया, और कोई कह रहा था वो कोमा में हैं. लेकिन अब ईरान की सरकार ने सोमवार को इसका सीधे जवाब दिया और अफवाहों पर विराम लगाया है.
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि मोजतबा के साथ 'कुछ खास नहीं हुआ', बस उनके पैर पर एक छोटा सा जख्म था जिसमें टांके लगाए गए.
इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़े हवाई हमले किए. इसी हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गई. ईरानी सरकार ने एक मार्च को इसकी पुष्टि की. अली खामेनेई के घर पर इजरायल ने 30 सटीक मिसाइलें दागीं. उनका घर बुरी तरह तबाह हो गया.
मोजतबा खामेनेई बचे कैसे?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा हमले से कुछ मिनट पहले टहलने के लिए बाहर निकले हुए थे, इसी वजह से वो बच गए. लेकिन हमले में उनके पिता, पत्नी और परिवार के दूसरे सदस्यों की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: ईरान का 25% जब्त पैसा छोड़ने को तैयार, तेल पर भी राहत... अमेरिका के रुख में चौंकाने वाले बदलाव!
नए सुप्रीम लीडर बने
8 मार्च को ईरान की एक्सपर्ट्स असेंबली ने मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुन लिया.
फिर रहस्य शुरू हुआ
नए सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से कहीं नहीं दिखे. उनका कोई वीडियो, फोटो या आवाज में कोई बयान नहीं आया. यहां तक कि ईरानी सरकार की तरफ से जो तस्वीरें शेयर की गईं, वो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई हुई थीं.
अमेरिका कई बार कर चुका है दावा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार दावा किया है कि अमेरिकी हमले में नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बुरी तरह से घायल हो गए हैं. इतनी बुरी तरह से घायल हुए हैं कि दुनिया के सामने भी नहीं आ रहे.
इनपुट: ईरान इंटरनेशनल