scorecardresearch
 

बिखरे बाल, लंबी नाक! बातचीत के दावों पर ईरान की मीडिया में खूब उड़ रहा ट्रंप का मजाक

ईरान के अखबारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध खत्म करने के लिए ईरान से बातचीत की घोषणा को झूठा और फर्जी बताया है. ईरान की मीडिया ट्रंप के कार्टून बनाकर उनका मजाक उड़ा रही है.

Advertisement
X
ईरान की मीडिया में ट्रंप का खूब मजाक उड़ रहा है (File Photo: Reuters)
ईरान की मीडिया में ट्रंप का खूब मजाक उड़ रहा है (File Photo: Reuters)

ईरान के अखबारों ने बुधवार को डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों का मजाक उड़ाया जिनमें उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए ईरान से बातचीत चल रही है. ईरान की मीडिया ट्रंप को झूठा कह रही है और उनके कई कार्टून भी सामने आए हैं.

ईरानी अखबारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति को पिनोकियो (Pinocchio) के रूप में दिखाते हुए कार्टून भी प्रकाशित किए. पिनोकियो एक काल्पनिक किरदार है जो बहुत झूठ बोलता है. जब भी पिनोकियो झूठ बोलता है, उसकी नाक लंबी हो जाती है.

ईरान के अखबार 'Javan' के पहले पन्ने पर ट्रंप की लंबी नाक वाली एक कैरिकेचर छपी है जिसमें वो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नक्शे के ऊपर नजर आ रहे हैं. इसके साथ हेडलाइन थी- 'दुनिया का सबसे शर्मनाक और बेइज्जत झूठा.'

ट्रंप ने दिया अल्टीमेटम और फिर बातचीत का किया दावा, उड़ा मजाक

अमेरिकी राष्ट्रपति ने हाल ही में ईरान को धमकी दी थी कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला गया तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले करेगा. ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था लेकिन सोमवार को अल्टीमेटम की समय-सीमा खत्म होने से कुछ घंटे पहले ट्रंप ने अचानक ईरान से बातचीत की घोषणा कर दी.

Advertisement

लेकिन ईरानी अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका से किसी भी तरह की बातचीत नहीं हुई है. ईरानी अखबार ने आरोप लगाया कि ट्रंप ने बाजार में मची उथल-पुथल को शांत करने और तेल की कीमतें नीचे लाने के लिए झूठ बोला.

28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद से ही तेल बाजार में हलचल है. ईरान ने अमेरिका पर दबाव बनाने के लिए तेल और गैस सप्लाई के लिए सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है. इस रास्ते के बंद होने की वजह से मध्य-पूर्व के खाड़ी देश अपना तेल सप्लाई नहीं कर पा रहे हैं जिससे तेल-गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं.

'एक ऐसा जुआरी जो जीतने आया था, हार रहा है'

अखबार ने यह भी कहा कि ईरान के इनकार के बाद तेल और गैस की कीमतें फिर बढ़ गईं. अखबार ने ट्रंप की तुलना एक ऐसे जुआरी से की, जो जीतने की उम्मीद से आया था लेकिन हार रहा है.

ईरान की न्यूज एजेंसी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने भी ट्रंप का मजाक उड़ाया. एजेंसी ने ट्रंप की एक फोटो छापी है जिसमें उनके बाल बिखरे हुए हैं और वो हारे हुए दिख रहे हैं. ‘सोभ-ए-नो’ (न्यू मॉर्निंग) ने हेडलाइन दी- 'झूठ की राजनीति'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement