
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 2023 के अपने भारत दौरे के दौरान मिले एक बेहद यादगार स्वागत का खुलासा किया है. उस समय नई दिल्ली की सड़कों पर उनके चेहरे वाले पोस्टर्स लगे थे, जिन पर 'वेलकम' लिखा था. जब वह वापस लौटने लगीं तो उन्होंने देखा कि उन्हीं पोस्टर्स पर अब एक नया मैसेज लिखा था, 'विजिट करने के लिए थैंक यू'.
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, यह किस्सा 'जॉर्जियाज विजन' (Giorgia's Vision) किताब में है, जो पत्रकार एलेसेंड्रो सालुस्टी के साथ मेलोनी की बातचीत पर आधारित है.

इस शानदार स्वागत पर इटली के डिप्टी प्रधानमंत्री एंटोनियो तजानी ने मजाक भी किया था. मेलोनी की नई किताब के मुताबिक, तजानी ने चुटकी लेते हुए कहा था, 'इन सारे पोस्टर्स को देखकर लगता है कि अगर आप नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़तीं, तो आपको मिलियन वोट मिलते.'
यह भी पढ़ें: बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा फिर शुरू करेगा भारत, 28 जून से कर सकेंगे आवेदन
मार्च 2023 के अपने भारत दौरे को याद करते हुए मेलोनी बताती हैं कि उन्हें जैसा स्वागत मिला, उसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी. मेलोनी ने बताया, 'जब मैं पहुंची तो सड़क पर हर कुछ फीट की दूरी पर मेरे चेहरे और वेलकम शब्द वाला पोस्टर लगा था. जब मैं वापस गई, तो पोस्टरों पर वही तस्वीर थी, लेकिन अब उस पर लिखा था आने के लिए धन्यवाद.'
मेलोनी ने 2023 में दो बार भारत की यात्रा की. सबसे पहले वह मार्च में रायसीना डायलॉग के आठवें संस्करण में शामिल हुईं. इसके बाद वह सितंबर में भारत की मेज़बानी में हुए G20 शिखर सम्मेलन के लिए आईं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकातें एक अच्छी दोस्ती में बदल गईं. दोनों नेताओं की सहज दोस्ती जल्द ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई, जहां यूजर्स ने मजाक-मजाक में उनके नामों को मिलाकर 'मेलोडी' नाम दिया.
उनकी दोस्ताना केमिस्ट्री ने ऑनलाइन और अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों, दोनों जगहों पर लोगों का ध्यान खींचा है. मई में रोम की अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने मेलोनी को मशहूर 'मेलोडी' टॉफी का एक पैकेट देकर सरप्राइज दिया.
यह सोशल मीडिया पर वायरल हुए 'मेलोडी' नाम की ओर एक इशारा था. इस जेस्चर से खुश होकर, मेलोनी ने एक वीडियो में तोहफा दिखाया और हंसते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए एक तोहफा लाए हैं, 'मेलोडी'.