खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया की प्रमुख शक्तियों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अपने नौसैनिक जहाज तैनात करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खुला रखेगा. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि ईरान की ओर से इस जलमार्ग को बाधित करने की कोशिशों से प्रभावित कई देश अमेरिका के साथ मिलकर यहां युद्धपोत भेजेंगे, ताकि जहाजों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे.
तनाव बढ़ने से जहाजों की आवाजाही घटी
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास तनाव तेजी से बढ़ रहा है. न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इस वजह से जहाजों की आवाजाही कम हो गई है और कई तेल टैंकर इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से दूरी बना रहे हैं. इससे ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने और खाड़ी क्षेत्र में सैन्य टकराव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.
चीन, फ्रांस, जापान और ब्रिटेन से भी सहयोग की उम्मीद
ट्रंप ने कहा कि ईरान की ओर से इस मार्ग को बंद करने की कोशिशों से प्रभावित कई देश अमेरिका के साथ मिलकर यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और यूनाइटेड किंगडम समेत अन्य देश भी इस क्षेत्र में अपने जहाज भेजेंगे, ताकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज किसी भी देश के लिए खतरा न बने.
ईरान के तटीय इलाकों पर हमले की चेतावनी
ट्रंप ने सहयोगी देशों से नौसैनिक तैनाती की अपील के साथ यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका सीधे सैन्य कार्रवाई करेगा. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका पहले ही ईरान की सैन्य क्षमता का बड़ा हिस्सा नष्ट कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद ईरान ड्रोन, समुद्री बारूदी सुरंग या कम दूरी की मिसाइलों के जरिए इस जलमार्ग को बाधित करने की कोशिश कर सकता है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका तटवर्ती इलाकों पर भारी बमबारी कर सकता है और ईरानी नौकाओं व जहाजों को निशाना बना सकता है.
खार्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले से बढ़ा तनाव
खाड़ी क्षेत्र में स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती जा रही है. शुक्रवार को अमेरिकी हमलों में खर्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. यह संकेत भी दिया गया कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की कोशिश जारी रखता है तो इस द्वीप के महत्वपूर्ण तेल ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है.
ईरान की कड़ी चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने चेतावनी दी कि यदि खार्ग द्वीप पर ऊर्जा साइट्स पर हमला हुआ तो वह अमेरिका से जुड़े तेल ढांचों को पूरी तरह तबाह कर देगा. यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध तीसरे सप्ताह में पहुंच चुका है और इस टकराव का असर अब वैश्विक तेल बाजार पर भी दिखने लगा है.