दिवाली पर लोग घर का कोना-कोना सजाते हैं. फिर चाहे वो बालकनी हो या फिर मेन गेट. कोई रंगोली बनाता है, तो कई लोग तरह-तरह की लाइट्स लगाकर अपने घरों को सजाना पसंद करते हैं. लेकिन कई बार घर की सीढ़ियां सजाना भूल जाते हैं. अगर आपके घर में भी सीढ़ियां हैं, तो इस बार इन्हें खाली और सिंपल छोड़ने के बजाय खूबसूरती से सजा सकते हैं. इसके लिए आपको महंगे डेकोरेशन का सामान खरीदने की भी जरूरत नहीं है. घर में रखे दीये, गेंदे के फूल, रंग-बिरंगी झालरें और छोटे गमले ही सीढ़ियों का पूरा लुक बदल सकते हैं. सही तरीके से की गई डेकोरेशन से घर की सीढ़ियां भी रोशनी और रंगों से खिल उठेंगी. आइए जानते हैं सीढ़ियों को सजाने के 10 ऐसे शानदार आइडिया, जिन्हें अपनाकर आप दिवाली पर अपने घर को खास लुक दे सकते हैं.
1. सीढ़ियों पर दीये से सजाएं
दिवाली पर घर को सजाने के लिए दीयों से अच्छा कुछ नहीं लगता. आप सीढ़ियों के कोनों पर मिट्टी के छोटे-छोटे दीये रख सकते हैं. इन्हें थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सजाने से सीढ़ियां सुंदर दिखेंगी. आप चाहें तो दीयों के आसपास फूलों की पंखुड़ियां भी बिछा सकते हैं. इससे डेकोरेशन और भी खूबसूरत लगेगी.
हालांकि, दीये जलाते समय ध्यान रखें कि वे पर्दों, फूलों और दूसरी ऐसी चीजों से दूर हों, जिनमें आग लग सकती है. साथ ही, सीढ़ियों पर आने-जाने की जगह खाली रखें, ताकि किसी को परेशानी न हो.
2. झालर वाली लाइटों से चमकाएं सीढ़ियां
दिवाली पर सीढ़ियों को रोशनी से सजाना चाहते हैं, तो रंग-बिरंगी झालर वाली लाइटें लगा सकते हैं. इन्हें सीढ़ियों की रेलिंग पर लपेटा जा सकता है या फिर किनारों पर भी लगा सकते हैं. सफेद रोशनी वाली झालर से सीढ़ियां सुंदर दिखेंगी, जबकि रंगीन लाइटों से घर में त्योहार वाली रौनक आ जाएगी. ध्यान रखें कि लाइटों के तार रास्ते में न लटकें, ताकि किसी को ठोकर न लगे.
3. गेंदे के फूलों से सजाएं रेलिंग
दिवाली पर गेंदे के फूलों से डेकोरेशन करने से घर को ट्रेडिशनल लुक मिलता है. आप सीढ़ियों की रेलिंग पर पीले और नारंगी गेंदे की मालाएं लगा सकते हैं. इनके साथ हरे पत्तों वाले तोरण भी अच्छे लगेंगे. मालाओं को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर लटकाकर सजाने से रेलिंग और भी खूबसूरत दिखेगी.
4. सीढ़ियों के पास बनाएं रंगोली
दिवाली पर रंगोली बनाना पसंद है, तो इस बार सीढ़ियों के पास की खाली जगह पर भी रंगोली बनाएं. आप रंगों, फूलों की पंखुड़ियों या दीयों से सुंदर डिजाइन तैयार कर सकते हैं. अगर ज्यादा समय नहीं है, तो गेंदे और गुलाब की पंखुड़ियों से भी रंगोली बना सकते हैं. इसके आसपास छोटी एलईडी लाइटें रखने से सजावट और निखर जाएगी. ध्यान रखें कि रंगोली आने-जाने के रास्ते में न बने, ताकि कोई फिसले नहीं.
5. डेकोरेटिव लालटेन से दें शाही लुक
सीढ़ियों को अलग और खूबसूरत लुक देने के लिए डेकोरेटिव लालटेन का इस्तेमाल कर सकते हैं. बाजार में पीतल, मेटल और कलर्ड कांच की कई तरह की लालटेन मिल जाती हैं. इन्हें सीढ़ियों के चौड़े कोनों या पास की खाली जगह पर रखें. लालटेन के अंदर बैटरी से चलने वाली मोमबत्तियां रख सकते हैं. इससे सुंदर रोशनी मिलेगी और आग लगने का खतरा भी कम होगा.
6. फूलों से सजाएं सीढ़ियों का कोना
अगर आपको फूलों से डेकोरेसन करना पसंद है, तो सीढ़ियों के आसपास गेंदे, गुलाब और सफेद फूलों का इस्तेमाल करें. आप फूलों की छोटी-छोटी मालाएं बनाकर रेलिंग पर लगा सकते हैं. पीले, सफेद और नारंगी फूलों का मेल देखने में बहुत सुंदर लगेगा. ध्यान रखें कि सीढ़ियों पर सीधे फूल न बिछाएं, क्योंकि उन पर पैर पड़ने से फिसलने का खतरा हो सकता है.
7. दीवार पर लगाएं डेकोरेटिव हैंगिंग
सीढ़ियों के पास की दीवार को भी दिवाली पर खूबसूरत बना सकते हैं. इसके लिए रंग-बिरंगे तोरण, डेकोरेटिव घंटियां या ट्रेडिशनल डिजाइन वाली हैंगिंग लगाएं. अगर दीवार पर पहले से कोई तस्वीर या पेंटिंग लगी है, तो उसके आसपास हल्की लाइटें लगा सकते हैं. इससे बिना ज्यादा सामान के भी सीढ़ियों का कोना सुंदर और सजा हुआ दिखेगा.
8. छोटे गमलों से सजाएं सीढ़ियां
अगर आपको हरियाली पसंद है, तो सीढ़ियों के पास छोटे-छोटे गमले रखकर डेकोरेट कर सकते हैं. गमलों को रंगीन कपड़े, रिबन या डेकोरेशन कवर से नया लुक दें. इनके पास छोटी एलईडी लाइटें लगाने से हरियाली और रोशनी का अच्छा मेल दिखेगा. बस ध्यान रखें कि गमले आने-जाने के रास्ते में न रखें और उन्हें ऐसी जगह रखें, जहां वे आसानी से गिरें नहीं.
9. पानी और फूलों से करें डेकोरेशन
सीढ़ियों के पास खाली जगह या छोटी मेज है, तो वहां पानी से भरा डेकोरेटिव बर्तन रख सकते हैं. इसमें गुलाब और गेंदे की पंखुड़ियां डालें और ऊपर कुछ तैरती हुई एलईडी लाइटें रख दें. पीतल या तांबे के बर्तन में ये डेकोरेशन और भी सुंदर लगेगी. ध्यान रखें कि बर्तन ऐसी जगह रखें, जहां वो गिरे नहीं और पानी फर्श पर फैलकर उसे फिसलन भरा न बना दे.
10. एलईडी स्ट्रिप लाइट से दें मॉडर्न लुक
अगर आपको ज्यादा तामझाम पसंद नहीं है और आप मॉर्डन तरीके से डेकोरेशन करना पसंद है, तो सीढ़ियों के किनारों पर एलईडी स्ट्रिप लाइट लगा सकते हैं. सफेद या हल्की पीली रोशनी से सीढ़ियों का डिजाइन खूबसूरती से उभरकर दिखेगा. इसे सीढ़ियों के नीचे या रेलिंग के आसपास लगाया जा सकता है.