बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना का देश छोड़कर जाते हुए वीडियो को कथित रूप से जारी करने वाले एयरफोर्स के अधिकारी की मौत हो गई है. तहसीफ सौरी नाम के इस अधिकारी की डेडबॉडी ढाका की तुराग नदी में मिली है. बांग्लादेश वायु सेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट तहसीफ सौरी 27 अक्टूबर की शाम को घर से निकले थे. कहा जाता है कि उन्हें एक दोस्त ने नीचे बुलाया था. वे फिर कभी वापस नहीं लौटे. उनके पिता, केएम इनायतुल करीम ने बताया कि रात 1:35 बजे उन्होंने अपनी मां को एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, "मम्मी, मैं आ रहा हूं." इसके बाद परिवार वाले उनसे संपर्क नहीं कर सके. लेफ्टिनेंट तहसीफ सौरी के रिश्तेदारों ने कहा है कि उनकी हत्या की गई है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, माना जा रहा है कि अगस्त 2024 में जब हसीना एक सैन्य विमान से बांग्लादेश से रवाना हो रही थीं, तब सौरी ने उसका फुटेज रिकॉर्ड किया था या उसे शेयर किया था. सौरी के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है और उनकी मौत के हालात पर सवाल उठाए हैं.
गुरुवार को बांग्लादेश की रिवर पुलिस ने शव मिलने की पुष्टि की. अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा. इसके कुछ घंटों बाद सौरी की चचेरी बहन मोशफेका जहां ने फेसबुक पर आरोप लगाया कि हसीना वाले वीडियो को लेकर उसे परेशान किया गया था और उसकी हत्या कर दी गई.
इस मौत ने अगस्त 2024 में बांग्लादेश वायु सेना से सौरी को कथित तौर पर निकाले जाने और देश छोड़कर भागती शेख हसीना का फुटेज शेयर करने में उसकी कथित भूमिका को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, अधिकारियों ने न तो वीडियो जारी करने में उसकी भागीदारी की पुष्टि की है और न ही इस वीडियो और सौरी की मौत के बीच कोई संबंध स्थापित किया है.
इस वायु सेना अधिकारी की मौत ऐसे समय में हुई है, जब शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की उम्मीद है. भारत में निर्वासन काट रहीं पूर्व पीएम ने कहा है कि वे इस वर्ष दिसंबर तक बांग्लादेश लौट सकती हैं.
हसीना के भागने के वीडियो से सौरी का क्या संबंध था?
5 अगस्त 2024 को शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर चली गईं. थी. उनकी सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए जिसके चलते 15 साल तक सत्ता में रहने के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक फुटेज वायरल हुआ. जिसमें प्रधानमंत्री को एक सैन्य विमान से देश छोड़कर जाते हुए देखा जा सकता था.
शेख हसीना के देश छोड़ने का वीडियो
बाद में इस वीडियो को रिकॉर्ड करने या जारी करने के मामले में सौरी का नाम सामने आया. बांग्लादेश के अखबार 'द डेली स्टार' की एक रिपोर्ट के अनुसार, "माना जा रहा है कि सौरी ही वह व्यक्ति थे जिन्होंने यह फुटेज रिकॉर्ड किया था."
हालांकि उनकी चचेरी बहन का कुछ और ही कहना है. उनका दावा है कि सौरी ने केवल उस रिकॉर्डिंग को आगे शेयर किया था, जिसे किसी अन्य अधिकारी ने बनाया था. लेकिन इनमें से किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हसीना के वीडियो को लेकर सौरी के रिश्तेदारों का आरोप
सौरी की मौत ने तब एक राजनीतिक मोड़ ले लिया, जब उनकी चचेरी बहन मोशफेका जहां ने आरोप लगाया कि हसीना के जाने का वीडियो फैलाने में शामिल होने की वजह से उनकी हत्या कर दी गई है.
जहां ने गुरुवार सुबह 3:04 बजे फेसबुक पर बांग्ला भाषा में एक पोस्ट लिखकर ये आरोप लगाए. उन्होंने लिखा, "मेरे भाई की हत्या कर दी गई. उसका क्या कसूर था? क्या हसीना के भागने का वीडियो शेयर करना? उसने तो खुद इसे रिकॉर्ड भी नहीं किया था; उसने बस एक नागरिक के तौर पर इसे शेयर किया था. इसे उसके एक साथी ने रिकॉर्ड किया था."
जहां ने आरोप लगाया कि वीडियो सामने आने के बाद सौरी को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया गया. उन्होंने फेसबुक पर लिखा, "उसे रिटायर करने और दिन-रात मानसिक प्रताड़ना देने के बाद भी उनका मन नहीं भरा. उन्हें तो बस उसकी जान लेनी थी."
उन्होंने आगे दावा किया कि बांग्लादेश वायु सेना छोड़ने के बाद भी जासूस सौरी का पीछा करते रहे. जहां ने यह भी आरोप लगाया कि उनके चचेरे भाई, जिनकी सेहत बिल्कुल ठीक थी, को मौत से पहले घर से बाहर बुलाया गया था.
सौरी ने बांग्लादेश वायु सेना क्यों छोड़ी?
बांग्लादेश वायु सेना से सौरी के जाने के हालात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. 'जागो न्यूज़' के अनुसार, बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टोरेट (ISPR) ने 4 अगस्त 2025 को उनके रिटायरमेंट के संबंध में एक बयान जारी किया. इस एजेंसी ने कहा कि सौरी को संस्था के नियमों के अनुसार रिटायर किया गया था; यह प्रक्रिया सामान्य परिस्थितियों में हुई और उन पर कोई आरोप नहीं था.
हालांकि कई रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं में उनके वायु सेना छोड़ने को हसीना के भागने वाले वीडियो से जुड़े विवाद से जोड़ा जा रहा है. उनकी चचेरी बहन का आरोप है कि वायु सेना छोड़ने से पहले और बाद में, उन्हें परेशान किया गया था.
इस बीच उत्तरखान पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर शाहीनुर ज़मान ने गुरुवार को 'जागो न्यूज़' को बताया कि उनके बयान देने के समय तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है. जांचकर्ता अभी तक यह तय नहीं कर पाए हैं कि सौरी की मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई, उन्होंने आत्महत्या की, या फिर उनकी हत्या की गई.