पाकिस्तान के सिक्योरिटी सिस्टम को बहुत बड़ा झटका लगा है. दरअसल प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि पाकिस्तान एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स (ASF) के डिप्टी डायरेक्टर और कमांडिंग ऑफिसर वसीम अहमद अब उनके कब्जे में हैं.
बीएलए का दावा है कि उनके लड़ाकों ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर इस शीर्ष अधिकारी को बंधक बना लिया है. बलूच लिबरेशन आर्मी के आधिकारिक प्रवक्ता जीयंद बलूच ने खुद एक बयान जारी करते हुए इसकी जिम्मेदारी ली है.
जीयंद बलूच के मुताबिक, ये पूरा ऑपरेशन BLA की बेहद गोपनीय खुफिया विंग 'जीराब' से मिले इनपुट के आधार पर अंजाम दिया गया. जीयंद बलूच ने अपने बयान में कहा है कि इस पूरे ऑपरेशन और अधिकारी को लेकर आगे की विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएंगी.
बलूचिस्तान के कलात से किया अगवा
खुफिया विंग से पक्की जानकारी मिलने के बाद बीएलए के लड़ाकों ने बलूचिस्तान के कलात इलाके में मुख्य हाईवे पर जाल बिछाया था. जैसे ही एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स के डिप्टी डायरेक्टर वसीम अहमद वहां से गुजरे, लड़ाकों ने पहचान करके उन्हें तुरंत अपने घेरे में ले लिया.
यह भी पढ़ें: 'हम पाकिस्तान के लिए लड़ते हैं', बलूचिस्तान से BLA जवानों का नया वीडियो, सेना से लगाई गुहार
एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स के बारे में
पाकिस्तान में एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स (ASF) सीधे तौर पर देश के रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करती है. ये फोर्स देश के सभी एयरपोर्ट की सिक्योरिटी और मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार है. वसीम अहमद इस फोर्स में डिप्टी डायरेक्टर होने के साथ-साथ एक अहम कमांडिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं. इतने बड़े पद पर बैठे अधिकारी का बीएलए के हाथों बंधक बनना पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों की बहुत बड़ी नाकामी माना जा रहा है.