
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी विदेश मंत्रालय के रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस कार्यक्रम ने शुक्रवार को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के पांच प्रमुख कमांडरों पर 10 मिलियन डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है. साथ ही पोस्टर में कहा गया है कि जानकारी देने वालों को सुरक्षा और रिलोकेशन की सुविधा भी दी जाएगी. अमेरिका ने एक पोस्टर जारी कर जनता से इन कमांडरों या IRGC की अन्य शाखाओं के बारे में ठोस जानकारी साझा करने की अपील की है.
इस संबंध में अमेरिका ने एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें IRGC के पांच प्रमुख अधिकारियों की तस्वीरें और उनके पदों का जिक्र है. अमेरिका ने इन सभी लोगों पर दुनिया भर में आतंकवाद की योजना बनाने और उसे अंजाम देने का आरोप लगाया है.
कौन हैं पोस्टर में शामिल ये 5 चेहरे?
अमेरिका द्वारा जारी पोस्टर में अहमद वाहिदी को IRGC के कमांडर इन चीफ, अली अब्दोल्लाही को खातेमोल अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर्स (KCHQ) के चीफ, सईद अघजानी को IRGC एयरोस्पेस फोर्स के UAV (ड्रोन) कमांडर, हामिदरेजा लश्गरियन को IRGC साइबर इलेक्ट्रॉनिक कमांड के चीफ और माजिद खादेमी को IRGC इंटेलिजेंस ऑफिस के कमांडर के रूप में चिन्हित किया गया है.अमेरिका का मानना है कि ये सभी व्यक्ति ईरान की सैन्य ताकत के वो महत्वपूर्ण हिस्से हैं जो वैश्विक शांति के लिए खतरा पैदा करने वाली योजनाएं चलाते हैं.

अमेरिकी डिप्लोमैटिक सिक्योरिटी सर्विस ने साफ किया है कि जानकारी देने वालों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. पोस्टर के जरिए अपील की गई है कि यदि किसी के पास इन नेताओं या IRGC की अन्य शाखाओं के बारे में ठोस जानकारी है तो वो तुरंत साझा करें.
पोस्टर में कहा गया है कि महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को न केवल 10 मिलियन डॉलर तक की राशि दी जाएगी, बल्कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने (रीलोकेशन) में भी मदद की जाएगी. इसके लिए एक विशेष टॉर लिंक और व्हाट्सएप/सिग्नल नंबर भी सार्वजनिक किया गया है, ताकि जानकारी देने वालों के लिए पांच और मौके सुनिश्चित किए जा सकें.