scorecardresearch
 

'टर्बुलेंस है, बर्फ जम रही', क्रैश से पहले कॉकपिट में चीख-पुकार, पायलट ने बॉयफ्रेंड को भेजा था आखिरी मैसेज

अमेरिका के फ्लोरिडा में क्रैश हुए लियरजेट में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई. हादसे से पहले विमान के दोनों पायलटों ने आखिरी पलों में क्या कहा था, इसका ऑडियो सामने आया है. को-पायलट नथालिया ने हादसे से कुछ मिनट पहले अपने बॉयफ्रेंड को मैसेज कर बताया था कि विमान में बर्फ जम रही है और टर्बुलेंस है.

Advertisement
X
विमान के जमीन से टकराने से पहले कॉकपिट का ऑडियो सामने आया है. (Photo- ITG)
विमान के जमीन से टकराने से पहले कॉकपिट का ऑडियो सामने आया है. (Photo- ITG)

अमेरिका के फ्लोरिडा में एक प्राइवेट जेट के भीषण हादसे में सभी 9 लोगों की मौत हो गई. हादसे से पहले विमान के दोनों पायलट के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है. इसमें कैप्टन जेफ ग्रेगरी प्रार्थना करते सुनाई दे रहे हैं, जबकि को-पायलट नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास चीखते हुए कहती हैं कि विमान जमीन से टकराने वाला है. आखिरी रेडियो संदेश में उनकी आवाज सुनाई देती है, 'हमारे पास वक्त नहीं बचा है.'

यह हादसा रविवार को फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में हुआ. लियरजेट विमान तेजी से नीचे आया और सड़क पर जा गिरा. हादसे की जगह सैकड़ों घरों से कुछ ही मीटर की दूरी पर थी. टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया.

यह भी पढ़ें: आसमान छूने का था सपना, फ्लोरिडा हादसे ने छीन ली 20 साल की नतालिया की जिंदगी

हादसे से कुछ मिनट पहले को-पायलट ने भेजा था मैसेज

विमान की को-पायलट 20 साल की नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास हादसे से कुछ मिनट पहले तक अपने करीबियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के संपर्क में थीं. उनके सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि नथालिया ने दोपहर करीब 12:40 बजे अपने बॉयफ्रेंड को मैसेज किया था. विमान का हादसा करीब 12:50 बजे हुआ.

Advertisement

मैसेज में नथालिया ने बताया था कि विमान में टर्बुलेंस है और उस पर बर्फ जम रही है. उन्होंने लिखा था, 'मुझे टर्बुलेंस का सामना करना पड़ रहा है, विमान पर बर्फ जम रही है.' नथालिया ने नौ महीने तक कमर्शियल पायलट के तौर पर काम किया था और इस दौरान करीब 1,300 घंटे की उड़ान का अनुभव हासिल किया था. वह अक्सर अपने बॉयफ्रेंड के साथ उड़ान भरती थीं, जो खुद भी पायलट हैं.

विमान में बर्फ जमने और खराब मौसम की दी थी जानकारी

रेडियो ट्रांसमिशन से भी पता चला कि विमान के क्रू ने उड़ान के दौरान बर्फ जमने, टर्बुलेंस और बारिश की जानकारी दी थी. विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था. नथालिया ने शुरुआत में फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के कंट्रोलर्स को बताया था कि क्रू विमान पर बर्फ जमने की स्थिति को संभाल रहा है. मौसम बिगड़ने के साथ नथालिया ने विमान को 37,000 फीट की ऊंचाई पर ले जाने की अनुमति मांगी थी. एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स ने इसकी मंजूरी दे दी थी.

'हमारे पास वक्त नहीं बचा है'

हालांकि, इसके 30 सेकंड से भी कम समय बाद विमान के साथ बड़ा हादसा हो गया. दोपहर 12:48 बजे कॉकपिट से मेडे कॉल किया गया. इसमें बताया गया कि विमान ओवरस्पीड की स्थिति में है और हर मिनट 20,000 फीट की रफ्तार से नीचे गिर रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बादल ने जेट को अंदर खींचा, फिर फुल स्पीड से पटका... फ्लोरिडा क्रैश की वजह आई सामने

LiveATC.net की तरफ से रिकॉर्ड किए गए ऑडियो में कॉकपिट के आखिरी पलों की बातचीत सुनाई देती है. विमान के कैप्टन 55 साल के जेफ ग्रेगरी प्रार्थना करते हुए 'लॉर्ड्स प्रेयर' पढ़ रहे थे. इसी दौरान को-पायलट नथालिया चीखते हुए कहती हैं कि विमान जमीन से टकराने वाला है. रेडियो संपर्क टूटने से पहले नथालिया का आखिरी संदेश था, 'हे भगवान, हमारे पास वक्त नहीं बचा है.'

हादसे में परिवार के चार सदस्यों समेत 9 की मौत

इस हादसे में लियरजेट 60 में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई. विमान में 44 साल के टेक कारोबारी और करोड़पति एडम रॉबिन्सन, उनकी 40 साल की पत्नी हेलेन शार्प और उनके दो बच्चे भी सवार थे. बच्चों में चार साल की एमा और दो साल का चार्ली शामिल थे. इनके अलावा बच्चों की नैनी अनिता मारिया सेटिना और परिवार के दो दोस्त राचेल रीड और चार्मी फेर भी विमान में मौजूद थे. हादसे की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने शुरू कर दी है. जांच की अगुवाई NTSB कर रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement