
कोलकाता में सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट में दो गुटों के बीच झड़प के बाद तनाव पैदा हो गया है. आरोप है कि रविवार को इंस्टीट्यूट में एक कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग आक्रामक और भड़काऊ भाषण दे रहे थे.
जब छात्रों ने इसका विरोध किया, तो बताया जा रहा है कि कैंपस में कुछ लोगों ने हमला कर दिया. पुलिस की मौजूदगी में दोनों गुट आपस में भिड़ गए और कुछ प्रोफेसरों के साथ भी मारपीट की गई.
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है. छात्रों का आरोप था कि ABGP के सदस्यों ने उन पर हमला किया, जबकि समूह का दावा था कि उनके कार्यक्रम में बाधा डाली गई और उनके सदस्यों पर हमला किया गया.

यह भी पढ़ें: 'ऊपर वाला टिकट काट दे', बयान पर घिरे हमायूं कबीर, अब बोले- CM लंबी उम्र जिएं
जानकारी के मुताबिक अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत नामक संगठन का एक कार्यक्रम आज इंस्टिट्यूट के मुख्य हॉल में हो रहा था. इसी दौरान कुछ राजनीतिक उकसावे की वजह से तनाव पैदा हो गया और छात्रों के साथ तीखी बहस और झड़प हो गई.
इस घटना के बाद कैंपस के अंदर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया. छात्रों ने बाद में मुख्य गेट बंद कर दिया और उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना दिया, जिन पर उन्होंने हमला करने का आरोप लगाया था.
बताया जा रहा है कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (ABGP) ने अधिकारियों से अनुमति लेने के बाद अपने कार्यक्रम के लिए संस्थान का ऑडिटोरियम किराए पर लिया था. कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ.
समस्या तब शुरू हुई जब छात्रों के एक समूह ने संस्थान के बाहर के लोगों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई और कैंपस में किसी निजी संगठन को कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने पर अधिकारियों से सवाल किया.