scorecardresearch
 

कोलकाता हादसा: दर्शन की आस में घर से निकले थे, छिन गई ज़िंदगी, अपनों को खोने वालों की आपबीती

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में सप्तमी की शाम हुए हादसे ने कई परिवारों को ऐसा जख्म दिया, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा. मुजफ्फरपुर के अभिषेक श्रीवास्तव और उनके बेटे अयांश की मौत से लेकर दो सहेलियों की दर्दनाक कहानी तक, हादसे के बाद सामने आ रही हर जानकारी दिल दहला रही है.

Advertisement
X
पंडाल में हुई भगदड़ ने कई परिवार उजाड़ दिए (Photo-File)
पंडाल में हुई भगदड़ ने कई परिवार उजाड़ दिए (Photo-File)

सप्तमी के दिन (17 अक्टूबर) कोलकाता के चोरबागान के पूजा पंडाल में हुए हादसे में कई परिवारों ने अपनों को खोया है. देशभर के कोने-कोने से लोग मां दुर्गा के पंडाल में दर्शन करने पहुंचे थे. अब इस हादसे के बाद कई दर्दनाक कहानियां सामने आ रही हैं. बिहार के मुजफ्फरपुर के निवासी अभिषेक श्रीवास्तव और उनके 7 साल के बेटे अयांश श्रीवास्तव ने भी इस भगदड़ में अपनी जान गंवा दी.

अभिषेक अपने बेटे अयांश के साथ माता के दर्शन करने पहुंचे थे. इस दौरान पंडाल का एक हिस्सा गिरने से भगदड़ मच गई. इस हादसे में अभिषेक और उनके बेटे की जान चली गई.

वहीं 11वीं की छात्रा बरनाली हल्दार और उनकी करीबी दोस्त तानिया बिस्वास ने पहले साल्ट लेक के पंडालों में जाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में दोनों चोरबागान के पंडाल में दर्शन किया. दोनों सहेलियों को अंदाजा भी नहीं था कि यह योजना कितना भयावह रूप लेगी.

तानिया के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसकी मां आमतौर पर उसे अकेले जाने की इजाजत नहीं देती थीं, लेकिन इस बार उन्होंने जाने दिया था. तानिया घर से साल्ट लेक के पंडाल देखने की बात कहकर निकली थी. परिवार को उसके चोरबागान जाने की जानकारी नहीं थी. अब हादसे के बाद तानिया के परिवार में मातम मचा हुआ है.

Advertisement

हादसे में 19 लोगों की हुई थी मौत 

सप्तमी की शाम उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भारी भीड़ के दबाव के बीच पंडाल का एक हिस्सा गिर गया था. इसके बाद भगदड़ जैसे हालात बन गए थे. घटना के बाद घायल लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन की टीमें और पूजा आयोजक राहत और बचाव कार्य में जुट गए.

यह भी पढ़ें: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 मौतों का जिम्मेदार कौन? देखें

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी अस्पताल पहुंचे. घटना के बाद पूजा समिति के जनरल सेक्रेटरी और अन्य पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच हुई घटना में 19 लोगों की मौत हुई और 25 लोग घायल हुए. इनमें एक या दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक क्लब की ओर से माइक पर घोषणा के बाद भगदड़ या दम घुटने जैसी स्थिति बनी.

उन्होंने पूजा समितियों से पुलिस का सहयोग करने और प्रवेश व निकास की कमियां दूर करने की अपील की. अब जांच के लिए एक समिति बनाई जाएगी. फिलहाल हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों में मातम पसरा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement