पश्चिम बंगाल में मालदा के सीमा सुरक्षा बल (BSF) के कैंप में एक जवान ने अपने साथियों पर अचानक गोलियां चलाईं. कैंप में ताबड़तोड़ फायरिंग से दो जवानों की मौत हो गई. घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई. वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत हालात पर नियंत्रित करते हुए आरोपी की जवान को हिरासत में ले लिया.
मृतक जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबसल अजय कुमार सिंह और कॉन्स्टेबसल अंबादर सुरेश डारगु के रूप में हुई है. गंभीर रूप से घायल हेड कॉन्स्टेबल विकास ब्रम्हा को इलाज के लिए एडमिट कराया गया है. आरोपी जवान की पहचान शिवम कुमार मिश्रा के रूप में हुई है.
मानसिक तनाव से गुजर रहा था आरोपी जवान
BSF सूत्रों के मुताबिक, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:50 बजे बैष्णबनगर में 17 माइल के पास 119 बटालियन मुख्यालय में हुई. शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी शिवम कुमार मिश्रा गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा था.
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है. विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले का पता चलेगा.
संतरी ड्यूटी पर तैनात जवान की सर्विस राइफल से किया फायर
BSF सूत्रों ने बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा पर कोर्ट-मार्शल की कार्यवाही चल रही थी. वह BSF की हिरासत में था, हालांकि अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि किस मामले में यह कार्यवाही शुरू की गई थी. उसने संतरी ड्यूटी पर तैनात जवान पर काबू पाकर उसकी सर्विस राइफ़ल छीन ली. आरोपी ने फिर कथित तौर पर पास की बैरकों की ओर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे BSF के तीन जवान गोली लगने से घायल हो गए.
एक जवान की हालत गंभीर
घायल जवानों को मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया. तीसरे घायल जवान का इलाज चल रहा है. घटना के तुरंत बाद BSF जवानों ने कॉन्स्टेबल मिश्रा को हिरासत में ले लिया.
स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर रही है. अधिकारियों ने कहा कि घटनाक्रम की जांच की रही है. जांच के बाद आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट- मिल्टन पॉल)