पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में अवैध रूप से भारत में दाखिल होने के आरोप में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाहिद हसन के रूप में हुई है. वह बांग्लादेश के चपाईनवाबगंज जिले के नारायणपुर इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने गुरुवार रात रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के कोदारामपुर इलाके से उसे पकड़ा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जाहिद हसन साल 2000 में अपनी पत्नी के साथ अवैध तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था. भारत आने के बाद दोनों सबसे पहले बीरभूम जिले में रहने लगे. इसके बाद साल 2020 में उन्होंने मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के खोदारामपुर इलाके में रहना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: मुर्शिदाबाद में दबोचे गए 7 बांग्लादेशी, सीमा पार करने की कर रहे थे कोशिश
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया शुरू होने के बाद दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान पुलिस की नजर इस दंपति पर पड़ी. जांच में संदिग्ध जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की. इसके बाद गुरुवार रात कार्रवाई करते हुए जाहिद हसन को गिरफ्तार कर लिया गया.
SIR में दस्तावेजों की जांच के दौरान सामने आया मामला
पुलिस अब जाहिद हसन की पत्नी की पहचान और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों को पता लगाना है कि क्या उसकी पत्नी भी अवैध तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल हुई थी या नहीं. इसके लिए उसके उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है.
इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जाहिद और उसकी पत्नी इतने लंबे समय तक भारत में कैसे रहते रहे. दोनों ने किस रास्ते से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था और यहां आने के बाद किन-किन जगहों पर रहे, इसकी भी जांच की जा रही है.
जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगा रही हैं कि इस कथित घुसपैठ में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं. पुलिस पूरे मामले के अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही है. फिलहाल जाहिद हसन की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी की नागरिकता और दस्तावेजों को लेकर जांच जारी है.