scorecardresearch
 

अभिषेक बनर्जी के 'अवैध' दफ्तर पर चला बुलडोजर, 3 JCB से गिराया जा रहा पांच मंजिला मकान

अभिषेक बनर्जी के इस बिल्डिंग को नगर निगम ने अवैध करार दिया है. सरकार कई बार अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेज चुकी थी. लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया था. आखिरकार शनिवार को बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई शुरू की गई.

Advertisement
X
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. (Photo: ITG)
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. (Photo: ITG)

सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के 'अवैध रूप से निर्मित' कार्यालय को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर एक्शन हो रहा है. इस पांच मंजिला दफ्तर को गिराने के लिए तीन बुलडोजर काम कर रहे हैं. अभिषेक बनर्जी का यह दफ्तर दक्षिण 24 परगना के अमताला-बारुईपुर रोड पर स्थित है. प्रशासन ने  इस बिल्डिंग को तोड़ने के लिए पहले भी नोटिस जारी किया था. लेकिन इस पर अभिषक बनर्जी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया. इसके बाद शनिवार को प्रशासन ने इस इमारत को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. 

सांसद अभिषेक बनर्जी का ये ऑफिस साउथ 24 परगना में स्थित है. तृणमूल कांग्रेस के नेशनल जनरल सेक्रेटरी और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के MP ऑफिस को "अवैध निर्माण" के आरोप में तोड़े जाने की कार्रवाई शुरू होने के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया है.

इस मकान के सामने जैसे ही सुबह सुबह बुलडोजर पहुंचा, स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और TMC कार्यकर्ता भी यहां जमा हो गए. स्थिति तनावपूर्ण होता देख प्रशासन को ज्यादा सुरक्षाकर्मी बुलाने पड़े.  

सुरक्षा के लिहाज से यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इससे पहले प्रशासन ने एक नोटिस चिपकाकर आरोप लगाया था कि यह इमारत बिना मंज़ूरी के बनाई गई थी. विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से यह कार्यालय बंद था. जिला प्रशासन का दावा है कि यह कार्यालय अवैध रूप से बनाया गया था. यह कार्यालय बिना किसी दस्तावेज़ के बनाया गया था. कार्यालय के निर्माण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं किया जा सका.

Advertisement

पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद ये दफ्तर बंद पड़ा हुआ था. डायमंड हार्बर में जब भी कोई बैठक होती थी, वह इसी कार्यालय में होती थी. इसका आयोजन तृणमूल कांग्रेस द्वारा किया जाता था.

पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की सरकार पिछली सरकार में बने अवैध इमारत और सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला रही है.

बुलडोजर एक्शन की यह कार्रवाई तब हो रही जब कोलकाता नगर निगम (KMC) ने अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार के सदस्यों और उनकी कंपनी 'लीप्स एंड बाउंड्स' से जुड़े नामों पर दर्ज 17 संपत्तियों के लिए गिराने का नोटिस जारी किया है. जिन संपत्तियों को नोटिस भेजा गया, उनमें हरीश मुखर्जी रोड पर स्थित बनर्जी का घर 'शांतिनिकेतन' भी शामिल है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement