scorecardresearch
 

ग्रेटर नोएडा: नाली के विवाद में LLB छात्र की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने किया मुख्य आरोपी टिल्लू का एनकाउंटर

ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में नाली का कूड़ा जलाने के मामूली विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया. पड़ोसियों ने एलएलबी छात्र साजन भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के चंद घंटों बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू को एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
युवक शादी से लौट रहा था, घेरकर मारी गोलियां (Photo- ITG)
युवक शादी से लौट रहा था, घेरकर मारी गोलियां (Photo- ITG)

Greater Noida News: सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव में 25 वर्षीय साजन भाटी की उनके पड़ोसियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर दी. 6 मई की रात करीब 12:30 बजे साजन जब दोस्त की शादी से लौट रहा था, तभी आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू ने साथियों के साथ मिलकर उसे गोली मार दी. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने साजन को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह मोजरबेयर गोल चक्कर के पास मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी टिल्लू को गिरफ्तार किया, जिसके पैरों में गोली लगी है.

नाली के कूड़े ने ली छात्र की जान

पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी हत्या की जड़ नाली के कचरे को जलाने को लेकर हुआ एक मामूली विवाद था. मृतक साजन और आरोपी टिल्लू के घर बराबर में हैं. एक-दो दिन पहले नाली साफ करने और कचरा जलाने पर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई थी. इसी रंजिश को पालते हुए टिल्लू ने साजन को रास्ते में घेरकर वारदात को अंजाम दिया. साजन एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था और परिवार की बड़ी उम्मीद था.

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के बाद पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं. सुबह चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध आई-20 कार को रोकने का इशारा किया गया, तो आरोपी जंगल की ओर भागने लगा. पुलिस को जान से मारने की नियत से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी टिल्लू के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.

Advertisement

पिस्तौल और आई-20 कार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई आई-20 कार बरामद की है. घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है. साजन की मौत से साकीपुर गांव में मातम और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया 

---- समाप्त ----
खबर अपडेट की जा रही है-
Live TV

Advertisement
Advertisement