नौकरी की तलाश में कई बार लोगों को महीनों तक भटकना पड़ता है. अलग-अलग पोर्टल पर जॉब ढूंढना, हर पद के हिसाब से रिज्यूमे बदलना और कवर लेटर तैयार करना भी आसान काम नहीं होता है. अमेरिका के एक सॉफ्टवेयर डेवलपर ने अपनी पत्नी की इसी परेशानी को कम करने के लिए AI टूल बना दिया. उनका दावा है कि इस टूल की मदद से उनकी पत्नी को नौकरी मिल गई. इसके बाद उन्होंने इसे दूसरे नौकरी तलाशने वालों के लिए भी मुफ्त और ओपन-सोर्स कर दिया.
पत्नी की नौकरी की तलाश आसान बनाने के लिए बनाया टूल
रेडिट के r/SoftwareEngineerJobs फोरम पर u/aientech नाम के एक यूजर ने अपनी और अपनी पत्नी से जुड़ी कहानी शेयर की है. उन्होंने पोस्ट में बताया कि उनकी पत्नी जूनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उन्हें पिछले 10 महीनों से नौकरी नहीं मिल रही है. नौकरी की तलाश के दौरान उन्हें अलग-अलग पोर्टल पर हायरिंग खोजनी पड़ती थी लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ.

उन्होंने ने पोस्ट में आगे लिखा कि हर नौकरी के लिए रिज्यूमे को अलग तरीके से तैयार करना भी काफी समय लेता था. इसी परेशानी को देखते हुए उनके पति ने उनके लिए Dossier नाम का एक टूल बना दिया है. यूजर के मुताबिक, उनकी पत्नी को इस टूल की मदद से नौकरी मिली. इसके बाद उन्होंने इसे सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दिया, ताकि दूसरे लोग भी इसका इस्तेमाल कर सकें.
नौकरी खोजने से लेकर आवेदन ट्रैक करने तक में मदद
उन्होंने आगे बताया कि Dossier को इस तरह तैयार किया गया है कि नौकरी तलाशने वालों को आवेदन की कई प्रक्रियाओं में मदद मिल सके. रेडिट के पोस्ट के मुताबिक, यह टूल LinkedIn और Indeed जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नौकरियों को खोजने में मदद करता है. इसके अलावा, यूजर खुद भी इस प्लेटफॉर्म पर नौकरी से जुड़ी जानकारी डाल सकते हैं.
यह टूल नौकरी की जरूरतों के हिसाब से रिज्यूमे, कवर लेटर और ईमेल का ड्राफ्ट तैयार कर सकता है. पोस्ट करने वाले यूजर का कहना है कि इसके लिए टूल प्रोफाइल में मौजूद जानकारी का इस्तेमाल करता है, ताकि आवेदन में केवल उसी जानकारी को शामिल किया जाए. इसमें चैट के जरिए तैयार किए गए ड्राफ्ट में बदलाव करने और रिज्यूमे को PDF के रूप में डाउनलोड करने का विकल्प भी है. इसमें रिज्यूमे के 12 अलग-अलग डिजाइन दिए गए हैं.
हर आवेदन का रिकॉर्ड भी रख सकता है टूल
नौकरी की तलाश में कई जगह आवेदन करने के बाद यह याद रखना मुश्किल हो जाता है कि किस कंपनी में कब आवेदन किया था और कहां से जवाब आया. Dossier में इसके लिए एक बोर्ड और डैशबोर्ड दिया गया है, जहां आवेदन को ड्राफ्ट से लेकर ऑफर मिलने तक ट्रैक किया जा सकता है. डेवलपर के मुताबिक, यह टूल अपने सर्वर पर भी चलाया जा सकता है. इसमें Ollama के जरिए लोकल AI मॉडल का इस्तेमाल करने का विकल्प है. पोस्ट में Anthropic और OpenAI के मॉडल इस्तेमाल करने का विकल्प भी बताया गया है. इसका उद्देश्य यूजर को अपने डेटा पर अधिक नियंत्रण देना है.