यूपी के हापुड़ में गैस सिलेंडर को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच एक एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई. यहां गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतार में खड़े एक युवक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. घटना हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के कविनगर स्थित गैस एजेंसी की है.
दरअसल, युवक सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगा हुआ था. इलाके में गैस को लेकर काफी मारामारी नजर आ रही है. इसको लेकर बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर जमा थे और काफी समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान अचानक युवक की तबीयत बिगड़ गई और वह लाइन में खड़े-खड़े ही जमीन पर गिर पड़ा और तुरंत अचेत हो गया. इस दौरान कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया.
युवक जमीन पर गिरा तो आसपास के लोग मदद में जुटे
युवक के जमीन पर गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद कुछ लोग आगे आए और तुरंत स्थिति को संभाला और बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया. उसकी हालत को लेकर परिजन घबरा गए थे, लेकिन अस्पताल में इलाज चला तो उसे राहत मिल गई.
यह भी पढ़ें: इटावा: 1.60 लाख का बिजली बिल देख गरीब चाय वाले को आया हार्ट अटैक, मौत के बाद बवाल
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित है, जिसके कारण लोगों को लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है. सुबह से ही एजेंसी के बाहर भीड़ जमा हो जाती है और कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ता है. इसी भीड़ और इंतजार के बीच यह घटना सामने आई.