उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक योगी सरकार में कल शाम मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है. इसे लेकर लखनऊ में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं.
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं. इस मुलाकात को संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है. सूत्रों का कहना है कि योगी सरकार में करीब 9-10 नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है. इसके साथ ही साथ कई के विभाग बदलने की भी चर्चा है.
संभावित नामों में BJP प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अशोक कटारिया, सुरेश पासी, सुरेंद्र दिलेर, आशीष सिंह आशु, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान और पूजा पाल के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं. हालांकि अभी तक सरकार या पार्टी की तरफ से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए संगठनात्मक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की जा सकती है. लोकसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक माहौल में BJP उत्तर प्रदेश में अपने संगठन और सरकार दोनों को नए तरीके से संतुलित करने की रणनीति पर काम कर रही है.
ओबीसी, एससी और सवर्ण चेहरों को संतुलन में रखने की कोशिश
यह भी पढ़ें: योगी का 'खास' तोहफा, शपथ के तुरंत बाद शुभेंदु को पहनाया अपना भगवा गमछा
ऐसे में संभावित कैबिनेट विस्तार को सिर्फ प्रशासनिक बदलाव नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है. क्योंकि अगले साल ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है. अगर विस्तार होता है तो नए मंत्रियों को शामिल कर क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को मजबूत करने की कोशिश की जा सकती है.