scorecardresearch
 

China Gold Buying Crowd: चीन में ये चल क्या रहा? सोना खरीदने के लिए रिकॉर्ड भीड़... सब्जी मंडी जैसा नजारा!

China Gold Buying Record Crowd: जैसे किसी सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने वालों की भीड़ देखने को मिलती है, ठीक ऐसा ही नजारा चीन में देखने को मिला है, फर्क इतना है कि ये सब्जी मार्केट नहीं, बल्कि गोल्ड मार्केट है, जहां रिकॉर्ड भीड़ खरीदारी के लिए पहुंची है.

Advertisement
X
चीन में सब्जी मंडी की तरह हो रही सोने की खरीदारी! (Photo: ITG/X)
चीन में सब्जी मंडी की तरह हो रही सोने की खरीदारी! (Photo: ITG/X)

सोना-चांदी की कीमतों में दुनिया भर में तेज गिरावट (Gold-Silver Rate Fall) देखने को मिली है. खासतौर पर Gold Rate बुरी तरह से टूटा है. इस कीमती पीली धातु के दाम कम होने का सबसे बड़ा असर चीन में देखने को मिला है. एक ओर जहां देश का सेंट्रल बैंक ताबड़तोड़ सोने की खरीदारी कर रहा है, तो कीमत घटने पर अब चीन के सर्राफा बाजारों में रिकॉर्ड भीड़ खरीदारी के लिए उमड़ पड़ी है. हर कोई सोना खरीदना चाहते है और बुलियन मार्केट्स का नजारा ऐसा दिख रहा है कि मानो लोग सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए पहुंचे हैं. 

Gold खरीदने की मच गई होड़
सोने की कीमतों में भारी गिरावट (Gold Rate Fall) के चलते चीन में शेन्जेन स्थित गोल्ड ट्रेडिंग हब में लोगों के बीच सोना खरीदने सी होड़ मच गई है. मोलभाव करने वाले लोग कीमतों में गिरावट का फायदा उठाने के लिए बाजारों में रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच रहे हैं. 

ग्लोबल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नेटिजन्स द्वारा शेयर की गई तस्वीरों और वीडियो में इस रिकॉर्ड भीड़ का नजारा देखने को मिल रहा है, जहां सर्राफा बाजारों के गलियारे इतने भीड़भाड़ वाले दिख रहे हैं कि खरीदार मुश्किल से हिल-डुल पा रहे हैं. इस दृश्य ने तुरंत ऑनलाइन पर कमेंट्स की बाढ़ सी ला दी है.

इधर गिरी कीमत, उधर टूट पड़े लोग 
रिपोर्ट की मानें, तो China के शेन्जेन के शुइबेई गोल्ड मार्केट में भारी भीड़ इंटरनेशनल बुलियन की कीमतों में तेज करेक्शन के साथ देखने को मिली है. 23 अक्टूबर को स्पॉट गोल्ड साइकोलॉजिकली जरूरी 4,000 डॉलर प्रति औंस के लेवल से नीचे आ गया और 0.72% की गिरावट के साथ 3,995.63 डॉलर पर क्लोज हुआ. कीमती पीली धातु में जून के बाद से ये किसी हफ्ते की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जो लगभग 4% है. 

Advertisement

चीनी ब्रांड्स ने घटाए ज्वेलरी के दाम
Gold Rate Fall का असर चीन के ज्वेलरी मार्केट पर भी बहुत जल्दी दिखाई दिया. 24 अक्टूबर को, कई बड़े ज्वेलरी ब्रांड्स ने सोने के गहनों की अपनी बताई कीमतों में पिछले दिन के मुकाबले 6 से 12 युआन प्रति ग्राम की कमी कर दी. लाओमियाओ गोल्ड में कीमतें लगभग 1,196 युआन प्रति ग्राम, चाउ सांग सांग में 1,200 युआन, चाउ ताई फूक में 1,202 युआन और लाओ फेंग जियांग में 1,206 युआन रहीं. 

यहां बता दें कि शेन्जेन के लुओहु डिस्ट्रिक्ट में मौजूद शुइबेई, चीन के सबसे बड़े गोल्ड ज्वेलरी ट्रेडिंग सेंटर में से एक है, जहां इस समय सब्जी मंडी से ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है. ये ग्लोबल ज्वेलरी सप्लाई चेन में एक बड़ा रोल निभाता है. यह मार्केट होलसेलर, रिटेलर, मैन्युफैक्चरर और आम खरीदारों को एक साथ लाता है, जिससे यह सोने के गहनों की बड़ी रेंज ढूंढ़ने वाले लोगों के लिए एक जरूरी जगह बन जाती है.

'सोने का बाजार या सब्जी मंडी'
जो ग्राहक कीमती धातुओं के दाम में करेक्शन का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, उनके लिए सोने की कम कीमतों ने अच्छी खरीदारी करने का मौका दिया है.  शुइबेई गोल्ड ज्वेलरी ट्रेडिंग सेंटर में सोना खरीदारों का जनसैलाब देखते हुए सोशल मीडिया पर यूजर्स अपने-अपने तरीकों से प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. ऐसे ही एक यूजर ने लिखा, 'यहां (China Shenzhen’s Shuibei Gold Market) में सोना खरीदने वाले लोगों की संख्या सब्जी बाजार से कहीं ज्यादा है, जिससे भीड़ के पैमाने का पता चलता है.'

Advertisement

China Gold Buying

रिपोर्ट के मुताबिक, आने वालों की Gold खरीदने वालों की ये संख्या और भी बढ़ सकती है. इससे पता चलता है कि चीनी ग्राहक में सोने में कितनी दिलचस्पी रखते हैं, भले ही ग्लोबल गोल्ड प्राइस में तेजी से उतार-चढ़ाव हो रहा हो. फिलहाल गोल्ड खरीदारों के लिए, कीमतों में गिरावट लंबे समय तक ऊंचे वैल्यूएशन के बाद कीमती धातु को तुलनात्मक रूप से कम लेवल पर खरीदने का मौका दे रही है. 

China में सोने का आकर्षण  
चीन में सोने की दोहरी भूमिका है. एक ओर जहां यह ज्वेलरी खरीदने के लिए अहम है, तो वहीं लोग वैल्यू स्टोर करने का पारंपरिक तरीका भी इसे मानते हैं. कीमत में करेक्शन उन ग्राहकों को मार्केट में वापस आने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जिन्होंने सोने की रैली के दौरान खरीदारी टाल दी थी. वहीं कुछ खरीदार सोने के भाव में उतार-चढ़ाव के हिसाब से अपनी खरीदारी का समय तय करते हैं, ज्वेलरी पहले से चुन लेते हैं और खरीदने से पहले कीमतें गिरने का इंतजार करते हैं.

अब सवाल ये कि आखिर क्यों चीन के लोगों में सोना खरीदने की होड़ मची हुई है. तो बता दें कि तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई का जोखिम बढ़ा दिया है. इसके साथ ही ये आशंका भी मजबूत हो गई है कि US फेडरल रिजर्व को पॉलिसी रेट को और ज्यादा समय तक हाई पर रख सकता है या इसे बढ़ा भी सकता है. ज्यादा इंटरेस्ट रेट सोने पर दबाव डालते हैं क्योंकि यह मेटल इंटरेस्ट इनकम नहीं देता है, जिससे इंटरेस्ट वाले एसेट्स ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement