सीमा हैदर और सचिन की प्रेम कहानी में नया ट्विस्ट आ गया है. अब सीमा से ज्यादा चर्चा सचिन की होने लगी है. इसका कारण है दोनों की लव स्टोरी में मिथिलेश भाभी की एंट्री. दरअसल, मिथिलेश ने सचिन की पड़ोसी हैं और उन्होंने उसके बारे में कई तरह की बयानबाजी कर डाली.
मिथिलेश ने सचिन को लेकर बॉडी शेमिंग वाले कमेंट तक कर डाले. सचिन को मिथिलेश ने लप्पू और झींगुर बता डाला. ये भी कहा कि वह तो सिर्फ पाव भर का है और सीमा पांच किलोग्राम की. सीमा उससे प्यार कर ही नहीं सकती. इन्ही कमेंट्स के बाद मिथिलेश भाभी चर्चा में आ गईं और उनके इन डायलॉग्स पर कई तरह के मीम्स, रील्स और वीडियो भी बनने लगे. इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि सीमा सिर्फ सचिन को बेवकूफ बना रही है. सचिन तो भोला है.
बात जब ज्यादा बढ़ गई तो सीमा-सचिन के वकील एपी सिंह ने कहा कि वे मिथिलेश के खिलाफ मामला दर्ज करवा सकते हैं. क्योंकि किसी के बारे में इस तरह की बयानबाजी करना सही नहीं है.
'मिथिलेश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं'
एपी सिंह ने कहा कि मिथिलेश भाटी ने सचिन के बारे में जो अपमानजनक टिप्पणी की है, उसके लिए उन्हें देश के हर पति से प्रतिक्रिया मिलेगी. एपी सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि यह टिप्पणी सभी पतियों का अपमान है. उन्होंने कहा, ''हमारे जैसे विविधतापूर्ण देश में स्किन के रंग और शारीरिक खामियों के आधार पर अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. हम महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं.''
सीमा ने मिथिलेश के बयानों पर किया रिएक्ट
वहीं, मिथिलेश के बयान पर सीमा हैदर ने भी रिएक्ट किया. सीमा ने कहा कि प्यार किसी के रंग रूप को देखकर नहीं किया जाता, प्यार दिल से किया जाता है. प्यार की परिभाषा दो दिलों के बीच होती हैं. इसको कोई तीसरा व्यक्ति नहीं समझ सकता. सचिन मीणा का दिल बहुत अच्छा है. वह मुझसे सच्चा प्यार करता है. लाख परिस्थिति होने के बावजूद भी सचिन मीणा ने मुझको अपना लिया. इससे प्यारा इंसान मेरे लिए इस दुनिया में कोई नहीं है, लोगों को प्यार का मतलब समझना चाहिए.
मिथिलेश ने दी अपने डायलॉग पर सफाई
उधर सचिन पर बयानबाजी को लेकर मिथिलेश पर बात बन आई तो उन्होंने इस पर अपनी सफाई भी दी. कहा, ''मैंने किसी की बॉडी शेमिंग शुरू नहीं की. लोग मुझे भी लप्पी बोल रहे हैं. इसमें कोई अपमान करने जैसी कोई बात नहीं है. मैं अपने बच्चों को भी ऐसे ही बोल देती हूं. मेरे मुंह में जो आया था, मैंने वही बोल दिया.''
'मैंने किसी का अपमान नहीं किया'
मिथिलेश ने आगे कहा, मैंने सचिन का किसी तरीके से कोई अपमान नहीं किया है. गांव की भाषा में यह रोजमर्रा की बोली का ही एक हिस्सा है. गांव में जिसकी टांगें पतली-सी होती हैं, उसको लप्पू-सा या सरकंडा-सा कह देते हैं. तो उन्होंने भी सचिन को किसी तरीके से अपमानित नहीं किया है.''
खैर मिथिलेश के बॉडी शेमिंग वाले बयान पर सचिन ने कोई टिप्पणी नहीं की है. अब क्या उनके वकील एपी सिंह मिथिलेश के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हैं या नहीं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा.