समाजवादी पार्टी प्रमुख और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव का एक पुराना वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में अखिलेश यादव एक पुलिस अधिकारी को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'एडिशनल साहब, मैंने आपकी बात मानी कि नहीं मानी?' इस पर अधिकारी धीमी आवाज में 'हां' कहते सुनाई देते हैं. इसके बाद अखिलेश यादव मीडिया की ओर देखते हुए कहते हैं, 'इनका परिचय आप नहीं जानते होंगे, इनका परिचय हम जानते हैं या ये जानते हैं… पुराना वाला भी हम जानते हैं, पुरानी पोस्टिंग भी जानते हैं.'
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान वाले दिन का है. उस समय अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे. मतदान के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने कई बूथों पर धांधली और गड़बड़ी के आरोप लगाए थे, जिसके बाद अखिलेश यादव खुद कन्नौज पहुंच गए थे. उन्होंने छिबरामऊ इलाके के कई मतदान केंद्रों का दौरा करने की कोशिश की थी.
कब का है वीडियो?
हालांकि, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने से रोक दिया. जानकारी के मुताबिक, जब अखिलेश यादव लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से होते हुए कन्नौज की ओर जा रहे थे, तभी तालग्राम क्षेत्र स्थित फॉरेंसिक लैब के पास पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया. इसके बाद वह वहीं फॉरेंसिक लैब परिसर में बैठ गए और मीडिया से बातचीत करने लगे. इसी दौरान का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कौन है पुलिस अधिकारी?
जिस पुलिस अधिकारी से अखिलेश यादव बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं, उनका नाम डॉ. संसार सिंह बताया जा रहा है. वह मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं और 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान कन्नौज में एडिशनल एसपी के पद पर तैनात थे. इससे पहले वह 2019 से 2022 तक रामपुर में भी एडिशनल एसपी के रूप में कार्यरत रहे थे.
रामपुर में उनकी तैनाती के दौरान सपा नेता आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ कई कानूनी कार्रवाइयां हुई थीं. माना जा रहा है कि वायरल वीडियो में अखिलेश यादव द्वारा 'पुरानी पोस्टिंग' का जिक्र इसी संदर्भ में किया गया था. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को अलग-अलग राजनीतिक संदर्भों में शेयर कर रहे हैं और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.