देश में पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है. प्रदेश में इस समय इतिहास की सबसे ज्यादा बिजली सप्लाई की जा रही है. 24 मई को उत्तर प्रदेश ने 31,824 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड पूरी कर देश में सबसे अधिक बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बनने का दावा किया है. इसी अवधि में महाराष्ट्र में 29,463 मेगावाट बिजली आपूर्ति की गई थी.
24 मई की रात नया रिकॉर्ड बना
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आमजन, किसान, व्यापारी और उद्योगों को बड़ी राहत मिली है. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अनुसार, इससे पहले साल 2025 में सबसे अधिक पीक डिमांड 11 जून की रात 12:45 बजे 31,486 मेगावाट दर्ज की गई थी, लेकिन 24 मई की रात नया रिकॉर्ड बन गया.
कब-कितनी बिजली की डिमांड?
प्रदेश में 24 और 25 मई के दौरान लगातार उच्च स्तर पर बिजली आपूर्ति की गई. 24/25 मई की रात 1 बजे 29,933 मेगावाट, रात 3 बजे 30,569 मेगावाट बिजली दी गई. वहीं 25 मई की सुबह 5 बजे 29,573 मेगावाट और सुबह 10 बजे 27,392 मेगावाट बिजली की आपूर्ति हुई. दोपहर 2 बजे भी 29,616 मेगावाट डिमांड पूरी की गई.
यूपीपीसीएल के निदेशक वितरण ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को शहरों, महानगरों, मंडल मुख्यालयों, तहसील, नगर पंचायतों और औद्योगिक क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की गई.
उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र में केवल 22 मिनट के लिए बिजली कटौती हुई. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित 18 घंटे के रोस्टर के मुकाबले औसतन 22 से 22.5 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई.
ऊर्जा विभाग का कहना है कि बढ़ती गर्मी और रिकॉर्ड मांग के बावजूद प्रदेश की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.